पटना सिटी में खौफनाक वारदात: थाने के पास निहंगों का तलवार से हमला,सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र की हरमंदिर गली में बीती रात दो निहंगों ने घर के बाहर खड़े युवक पर अचानक तलवार से हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में युवक की हाथ की उंगली बुरी तरह कट गई। घायल युवक को गंभीर हालत में पटना एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है।

patna city chowk thana nihang sword attack on youth cctv foo
थाने के पास निहंगों का तलवार से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात- फोटो : Reporter

पटनासिटी के चौक थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों के हौसले बुलंद देखने को मिले। थाना परिसर से महज 50 फीट की दूरी पर स्थित हरमंदिर गली में दो निहंगों ने एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसका हाथ लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


देर रात बाहर खड़े होने पर टोका, फिर निकाल ली तलवार

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है जब हरमंदिर गली में एक घर के बाहर तीन लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों निहंगे वहां से गुजरते हुए आगे निकल गए, लेकिन कुछ ही सेकंड में वे वापस लौटे। उन्होंने वहां खड़े लोगों से इतनी रात को बाहर रहने का कारण पूछा और बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निहंगों ने अपनी तलवार निकाल ली और युवक पर जोरदार वार कर दिया।


सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, सोशल मीडिया पर फुटेज वायरल

इस पूरी खौफनाक वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों निहंगे गली में शांति से खड़े युवकों के पास आते हैं, उनसे उलझते हैं और फिर अचानक तलवार से हमला कर देते हैं। यह फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


हमले में कटी हाथ की उंगली, बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर

तलवार के इस हमले में पीड़ित युवक (अंतु) के हाथ की उंगली बुरी तरह कट गई और वह खून से लथपथ हो गया। वारदात के बाद घायल अंतु किसी तरह जान बचाकर भागते हुए सीधे पास के चौक थाने पहुंचा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत गुरुगोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उंगली का हिस्सा गंभीर रूप से कट जाने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी निहंगों को दबोचा

थाने के बिल्कुल नजदीक हुई इस दुस्साहसिक वारदात को गंभीरता से लेते हुए चौक थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने इलाके में सघन छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपी निहंगों को खोज निकाला और उन्हें गिरफ्तार कर थाने ले आई। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार