पटना में दुर्गापूजा के मद्देनजर ट्राफिक एसपी ने किया खाजपुरा और जगदेव पथ मोड़ का निरीक्षण, सुगम आवागमन के दिए निर्देश

पटना में दुर्गापूजा के मद्देनजर ट्राफिक एसपी ने किया खाजपुरा
पटना में दुर्गापूजा के मद्देनजर ट्राफिक एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : आगामी दुर्गापूजा पर्व के दौरान राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुगम यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने खाजपुरा और जगदेव पथ मोड़ स्थित प्रमुख पूजा पंडालों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और ट्रैफिक के दबाव का जायजा लिया।


यातायात डायवर्जन प्लान की समीक्षा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश

निरीक्षण के क्रम में एसपी (यातायात) ने पर्व के दौरान लागू किए जाने वाले यातायात डायवर्जन प्लान (Traffic Diversion Plan) की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद ट्रैफिक ओपी प्रभारी और पूजा समिति के सदस्यों के साथ आपसी समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया ताकि आम जनता और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


प्रशासनिक मुस्तैदी और आपसी समन्वय पर जोर

इस अवसर पर संबंधित थानों के पुलिस अधिकारी, ट्रैफिक ओपी प्रभारी और पूजा समितियों के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। 


पुलिस अधीक्षक ने सभी को स्पष्ट निर्देश दिए कि पंडालों के आसपास भीड़ नियंत्रण और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि त्यौहार का यह पावन अवसर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


रंजीत की रिपोर्ट