Bihar News : उच्च शिक्षा के सपनों को मिलेगी उड़ान, इंटर पास 4.94 लाख छात्राओं के खाते में पहुंची प्रोत्साहन राशि

Bihar News : बिहार में वर्ष 2025-26 में इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करने वाली 4,94,065 मेधावी छात्राओं के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई है.

Bihar News : उच्च शिक्षा के सपनों को मिलेगी उड़ान, इंटर पास
छात्राओं को प्रोत्साहन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राज्य की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में बिहार सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत बड़ी संख्या में छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का लाभ मिला है। इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करने वाली 4,94,065 छात्राओं के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि भेजी गई है।

योजना का उद्देश्य 

इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना और इंटरमीडिएट के बाद उनकी उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाना है। परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।

सरकार की पहल को मजबूती 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार की ओर से छात्राओं के बैंक खातों में सीधे राशि भेजे जाने से योजना का लाभ पात्र छात्राओं तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया गया है। बड़ी संख्या में छात्राओं को एक साथ प्रोत्साहन राशि मिलने से राज्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की सरकार की पहल को भी मजबूती मिली है।

छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए राज्य सरकार दे रही प्रोत्साहन

इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज और विश्वविद्यालयों में दाखिला लेती हैं। ऐसे में प्रोत्साहन राशि उनके लिए आगे की पढ़ाई से जुड़े खर्च में सहायक हो सकती है। योजना के माध्यम से सरकार का फोकस छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने पर है। राज्य सरकार के माध्यम से संचालित इस योजना को बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।