India Pakistan Tension: भारत पाकिस्तान तनाव के बीच पटना एयरपोर्ट से इन शहरों के लिए फ्लाइट रद्द, अब तक हजारों यात्रियों ने कैंसिल कराया टिकट, कंपनियों को 5 करोड़ का नुकसान

India Pakistan Tension: भारत पाकिस्तान तनाव के बीच यात्री लगातार अपनी हवाई यात्रा रद्द कर रहे हैं। इसी बीच पटना एयरपोर्ट से तीन फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है। आइए जानते हैं पूरी खबर...

Patna airport
Flights to 3 cities canceled from Patna airport- फोटो : social media

भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच पटना एयरपोर्ट से तीन शहरों की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। कई यात्रियों ने टिकट कैंसिल करा लिया है। जानकारी अनुसार पटना से चंडीगढ़, हिंडन (गाजियाबाद) और भुवनेश्वर के लिए चलने वाली एक-एक फ्लाइट को 15 मई तक रद्द कर दिया गया है। यह फैसला शुरुआत में केवल 10 मई के लिए लिया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसकी अवधि बढ़ा दी गई है। फिलहाल टिकट बुकिंग एप्स पर भी इन रूट्स के लिए बुकिंग का विकल्प उपलब्ध नहीं है। माना जा है कि सरकार के द्वारा NOTAM जारी किए जा सकते हैं जिसके बाद फ्लाइट संचालन दोबारा शुरु हो सकता है। 

एयरलाइंस कंपनियों को भारी नुकसान

इन निर्णयों से हवाई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कंपनी को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। 7 मई से 15 मई के बीच इन तीन रूटों के करीब 4,500 यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कर दिए हैं। जिससे एयरलाइंस कंपनियों को करीब 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बता दें कि, एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को किराये का पूरा रिफंड दिया जा रहा है। शनिवार को लगभग 1,700 यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कराए। जिनमें चंडीगढ़, अहमदाबाद, दिल्ली और अन्य शहरों की फ्लाइट्स के टिकट शामिल थे। गर्मियों की छुट्टियों के मद्देनज़र पारिवारिक यात्राओं के लिए की गई बुकिंग भी भारी संख्या में रद्द की गई।

रद्द की गई फ्लाइट्स की सूची:

भुवनेश्वर-पटना

पटना-चंडीगढ़

चंडीगढ़-पटना

पटना-चंडीगढ़ (एक और सेवा)

हिंडन-पटना

पटना-हिंडन

यात्री लगातार रद्द कर रहे टिकट

दोपहर 2 बजे तक ही 1,500 से अधिक यात्रियों ने ऑनलाइन माध्यमों से टिकट रद्द कराए थे, जिनमें अधिकतर कनेक्टिंग टिकट थीं। अंतरराष्ट्रीय रूट पर भी असर देखने को मिला, जहां दुबई और अबूधाबी जाने वाले करीब 13 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी। हालांकि शाम 6 बजे के बाद टिकट रद्द कराने की रफ्तार में गिरावट आई। गौरतलब है कि इससे पहले पहलाम हमले के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों ने कश्मीर की यात्रा रद्द कर दी थी।

Nsmch
NIHER

क्या होता है NOTAM?

NOTAM यानी Notice to Airmen एक आधिकारिक सूचना होती है। जो विमानन कंपनियों और पायलटों को दी जाती है। इसमें किसी क्षेत्र विशेष में हवाई सेवाओं, संचालन, प्रक्रियाओं या संभावित खतरों के बारे में जानकारी दी जाती है। सरकार ने शनिवार को संघर्षविराम की घोषणा की है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि 15 मई से पहले केंद्र सरकार की ओर से नए NOTAM जारी किए जा सकते हैं। जिससे प्रभावित रूटों पर फ्लाइट संचालन दोबारा शुरू हो सके।