Bihar Crime: ट्रक में बना था गुप्त तहखाना, विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: शराबबंदी कानून को धता बताकर शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

Bihar Crime: ट्रक में बना था गुप्त तहखाना, विदेशी शराब के सा
ट्रक में बना था गुप्त तहखाना- फोटो : reporter

Bihar Crime:  शराबबंदी कानून को धता बताकर शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ वैशाली में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर चांदी गांव के पास छापेमारी कर एक ट्रक से 1391 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब को पुलिस और प्रशासन की नजर से बचाने के लिए ट्रक के भीतर बाकायदा गुप्त तहखाना बनाया गया था। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि दौलतपुर चांदी गांव के समीप एक ट्रक से विदेशी शराब की खेप उतारी जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। टीम को देखते ही शराब की खेप को खपाने की कोशिश में जुटे लोगों में अफरातफरी मच गई। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बनाए गए तहखाने का खुलासा हुआ, जहां 161 कार्टन विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।

डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब से लदा ट्रक सारण जिले के डोरीगंज से रवाना हुआ था। पुलिस और उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि शराब की खेप किसके इशारे पर मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन से लोग शामिल हैं। गिरफ्तार चालक और खलासी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि शराब और सूखे नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करों के खिलाफ कानून का शिकंजा कसते हुए अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार