पटना में उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की पहल, सिंगल विंडो सिस्टम और प्लग एंड प्ले पर जोर
पटना जिले में उद्योग, निवेश एवं स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त एवं अनुकूल इकोसिस्टम विकसित करने की पहल की जा रही है। जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को इसे लेकर कई निर्देश दिए है.....
Patna : पटना जिले में उद्योग, निवेश और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एक अनुकूल इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिया है कि विभिन्न योजनाओं के तहत कार्यरत स्टार्टअप और उद्यमियों को हरसंभव सहयोग दिया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विभिन्न योजनाओं की नियमित समीक्षा और त्वरित समाधान
जिलाधिकारी ने SIPB, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, PMFME और CGTMSE जैसी योजनाओं के तहत संचालित उद्यमों की नियमित समीक्षा करने को कहा है। भूमि, एनओसी, बिजली कनेक्शन और प्रदूषण जैसे मामलों को अनावश्यक लंबित न रखकर सिंगल विंडो क्लियरेंस के जरिए तय समय-सीमा में निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है ताकि उद्यमियों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े।
यूथ कनेक्ट और प्लग एंड प्ले सुविधा को बढ़ावा
पिछले वर्ल्ड स्टार्टअप डे के अवसर पर आयोजित यूथ कनेक्ट कार्यक्रमों में युवा उद्यमियों द्वारा दिए गए सुझावों और समस्याओं पर भी गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, स्टार्टअप्स को व्यवसाय शुरू करने के लिए 'प्लग एंड प्ले' व्यवस्था के तहत पात्रता के अनुसार शीघ्र स्पेस आवंटन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस को मिलेगा नया आयाम
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा वातावरण तैयार करना है जहां उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने, आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने और विस्तार करने में न्यूनतम कठिनाई हो। प्रशासन और उद्योग विभाग के बेहतर समन्वय से नए उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन की दिशा में बड़ा कदम
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उद्यमी जिले की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण साझेदार हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास रहेगा कि उद्यमियों को त्वरित विभागीय समन्वय और प्रभावी तंत्र मिले, ताकि पटना में अधिक से अधिक नए उद्योग स्थापित हो सकें और जिला तथा राज्य आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।
अनिल की रिपोर्ट