Bihar News: बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी के न्यासधारी बने पटना डीएम, निरीक्षण कर अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश

Bihar News: पटना में बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी के प्रबंधन को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के निर्देश पर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने मंदिर का निरीक्षण कर संपत्तियों और बैंक खातों की जांच के आदेश दिए हैं...

बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी
पटना डीएम बने न्यासधारी - फोटो : social media

Bihar News: बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के आदेश के आलोक में जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बुधवार को बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंदिर की संपत्तियों और वित्तीय गतिविधियों का विस्तृत ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए।

लेने देन पर लगी रोक

जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता (राजस्व), भूमि सुधार उप समाहर्ता और अंचल अधिकारी को निर्देशित किया कि ठाकुरवाड़ी की सभी चल-अचल संपत्तियों और बैंक खातों की जानकारी जल्द से जल्द संकलित कर प्रस्तुत करें। साथ ही, सभी प्रकार के लेन-देन और विनिमय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया गया है।

जिलाधिकारी बने न्यासधारी

उन्होंने ठाकुरवाड़ी की परिसंपत्तियों, दुकानों और आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा तैयार करने की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी है, ताकि पारदर्शिता और सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। बताया जाता है कि न्यास समिति के निष्क्रिय रहने के कारण बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने जिलाधिकारी, पटना को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया है। 

डीएम की देखरेख में किए जाएंगे काम 

मंदिर के संचालन, संपत्ति की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिलहाल डीएम की देखरेख में सभी कार्य किए जाएंगे। निर्देश के अनुसार, ठाकुरवाड़ी से जुड़े सभी बैंक खातों का संचालन अब जिलाधिकारी, पटना के हस्ताक्षर से होगा। साथ ही, नई न्यास समिति के गठन के लिए प्रस्तावित नामों की सूची शीघ्र पर्षद को भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट