बिहार में होंगे IPL के मैच ! राजस्थान रॉयल्स के साथ खेल मंत्री श्रेयसी और जदयू विधायकों की बैठक, इस स्टेडियम में मुकाबला
बिहार में जल्द ही आईपीएल के मुकाबले खेले जा सकते हैं. इसे लेकर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और जदयू विधायकों की एक बैठक राजस्थान रॉयल्स के मालिकों के साथ हुई है
IPL in Bihar : बिहार में खेल के क्षेत्र में एक बड़ी पहल देखने को मिल सकती है। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में बिहार के विधायकों ने राजस्थान रॉयल्स के मालिकों के साथ बैठक की। श्रेयसी ने अपने सोशल मीडिया पर इसे लेकर जानकारी देते हुए लिखा कि Rjasthan Royals के प्रतिनिधियों के साथ एक सार्थक और सकारात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में Indian Premier League के मैचों को Rajgir में आयोजित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राजगीर, अपने समृद्ध ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के कारण, खेल और निवेश का एक उभरता हुआ केंद्र बन सकता है। इसके साथ ही, बिहार में IT सेक्टर में निवेश के अवसरों पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। हमारा लक्ष्य है कि राज्य में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हों और बिहार तकनीकी विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि राजगीर अपने ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के साथ-साथ खेल और निवेश के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बन सकता है। इस बैठक में सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि बिहार में आईटी सेक्टर में निवेश को लेकर भी गंभीर बातचीत हुई। विधायक ने कहा कि राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करना और तकनीकी विकास को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है।

इस दौरान बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के साथ-साथ विधायक ऋतुराज कुमार, रुहेल रंजन और चेतन आनंद भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बिहार के उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन भी देखा। ऋतुराज के अनुसार इस पहल को बिहार में खेल और तकनीक दोनों क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोलने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। अगर यह योजना साकार होती है, तो बिहार पहली बार IPL जैसे बड़े मंच की मेजबानी कर सकता है, जिससे राज्य की पहचान और अर्थव्यवस्था दोनों को बड़ा फायदा मिल सकता है।

13 पिचों वाला राजगीर स्टेडियम
दरअसल, बिहार के राजगीर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यह स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं और बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है, जो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम होगा। स्टेडियम में कुल 13 पिचें बनाई गई हैं। इनमें सात पिचें मोकामा की काली मिट्टी से और छह पिचें पुणे की लाल मिट्टी से तैयार की गई हैं, जिससे अलग-अलग तरह की खेल परिस्थितियां उपलब्ध होंगी।

40 हजार दर्शक क्षमता
मुख्य पवेलियन का निर्माण पांच मंजिलों में किया जा रहा है, जो करीब 14,295 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला होगा। इसमें खिलाड़ियों, अंपायरों, मीडिया कर्मियों और वीआईपी मेहमानों के लिए अलग-अलग आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा जिम, स्पा, लॉन्ड्री, फिजियो रूम और मेडिकल सेंटर जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी। करीब 72,843 वर्गमीटर में फैले इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 40,000 होगी। इसका डिज़ाइन इस तरह तैयार किया गया है कि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आसानी से आयोजित किए जा सकें।

स्टेडियम परिसर में पांच पवेलियन
स्टेडियम परिसर में कुल पांच पवेलियन बनाए जा रहे हैं। इनमें दो पवेलियन आम दर्शकों के लिए होंगे, जबकि दक्षिण दिशा में स्थित मुख्य पवेलियन पांच मंजिला होगा। बाकी तीन पवेलियन दो मंजिला बनाए जा रहे हैं, जिनमें फूड कोर्ट, लिफ्ट और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।