Jamui Case: जमुई छात्रा कांड पर सियासी संग्राम, उमेश की छिटपुट घटना टिप्पणी पर विपक्ष हमलावर, अनंत सिंह ने की एनकाउंटर की मांग
Jamui Case:छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला अब सियासी बयानबाजी के केंद्र में आ गया है।
Jamui Case: बिहार के जमुई में 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला अब सियासी बयानबाजी के केंद्र में आ गया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने घटना को “छिटपुट” बताते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने 2005 से पहले के बिहार का हवाला देते हुए कहा कि उस दौर में ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई नहीं होती थी। उनके इस बयान को लेकर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए हैं।
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने आरोपियों के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म और छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। एनकाउंटर को लेकर उन्होंने “फुल एनकाउंटर” की मांग भी की। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वायरल वीडियो को लेकर बिहार सरकार से जवाब मांगा और नाबालिगों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ POCSO समेत संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की।
जमुई सांसद अरुण कुमार भारती ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात की है और मामले पर नजर रखी जा रही है। उनके मुताबिक पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज की और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।
जमुई विधायक एवं मंत्री श्रेयसी सिंह ने घटना को समाज को शर्मसार करने वाला बताया और कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला और बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने भी सार्वजनिक स्थान पर नाबालिग के साथ हुई घटना को लेकर सरकार से महिला सुरक्षा पर जवाब मांगा।पुलिस के मुताबिक, मामले में सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।