महिला आरक्षण और परिसीमन पर JDU का बड़ा ऐलान, संजय झा ने कर दी खास अपील
केंद्र सरकार के प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक की जा सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान है। राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है
Bihar News : परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने केंद्र सरकार के प्रस्ताव का खुलकर समर्थन किया है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह पहल भारतीय लोकतंत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे दलगत मतभेदों से ऊपर उठकर विधेयक का समर्थन करें और संसद में इसे व्यापक सहमति से पारित कराने में सहयोग दें।
संजय झा ने अपने पोस्ट में कहा कि प्रस्ताव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इसके साथ ही संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का रास्ता साफ होगा। उनके मुताबिक, इससे जनप्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी भी मजबूत होगी।
बिहार में लोकसभा की 40 से 60 हो सकती हैं सीटें
प्रस्तावित व्यवस्था लागू होती है तो बिहार की राजनीति और प्रतिनिधित्व का स्वरूप भी बदल सकता है। फिलहाल बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। इनमें 50 प्रतिशत की वृद्धि होने पर इनकी संख्या बढ़कर 60 हो सकती है। इसी तरह बिहार विधानसभा की वर्तमान 243 सीटें बढ़कर करीब 365 होने का अनुमान है। यानी राज्य को 20 अतिरिक्त लोकसभा और लगभग 122 अतिरिक्त विधानसभा सीटें मिल सकती हैं। ये प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के आधार पर किए गए अनुमान हैं, अंतिम संख्या परिसीमन आयोग की प्रक्रिया और सीटों के निर्धारण पर निर्भर करेगी।
देशभर में क्या होगा असर?
केंद्र सरकार के प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक की जा सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान है। राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। नए परिसीमन में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर तय करने की बात कही गई है, जबकि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव है।
इस बदलाव का असर सिर्फ सीटों की संख्या तक सीमित नहीं रहेगा। नए निर्वाचन क्षेत्र बनने से सांसदों और विधायकों के क्षेत्र बदलेंगे, राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति में बदलाव आएगा और टिकट के दावेदारों की संख्या भी बढ़ सकती है। वहीं, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने पर लोकसभा और विधानसभा में महिला प्रतिनिधियों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।
गौरतलब है कि संविधान संशोधन विधेयक को संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। ऐसे में जदयू का समर्थन केंद्र सरकार के लिए महत्वपूर्ण है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है, जिसमें इन प्रस्तावों पर चर्चा और आगे की विधायी प्रक्रिया पर सबकी नजर रहेगी।