'हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट...' महिला आरक्षण पर PM मोदी ने विपक्ष को दी चुनौती ! साझा किया वीडियो

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने कहा, "हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" वीडियो में यह संदेश भी दिया गया है कि सरकार का हौसला बुलंद है और उसका

Naredra Modi
Naredra Modi- फोटो : news4nation

Naredra Modi :  संसद के विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने शनिवार को कहा कि सरकार देश की नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।


प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने कहा, "हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" वीडियो में यह संदेश भी दिया गया है कि सरकार का हौसला बुलंद है और उसका संकल्प अटूट है।


परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार की तैयारी तेज

केंद्र सरकार को उम्मीद है कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के मसौदे में जरूरी बदलाव करने के बाद इसे संसद में पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत जुटाया जा सकेगा। इसके लिए सरकार विभिन्न राजनीतिक दलों से बातचीत कर रही है। माना जा रहा है कि विशेष सत्र के दौरान इन विधेयकों पर विस्तार से चर्चा के साथ मतदान भी कराया जाएगा।


सूत्रों के मुताबिक, 30 नवंबर को सुबह 10 बजे संसद की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक होगी। इसमें सदन में पेश किए जाने वाले विधायी कार्यों और उनकी समय-सीमा पर विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की जाएगी। वहीं, 1 दिसंबर को लोकसभा में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने में करीब पांच से छह घंटे लग सकते हैं।


महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण

प्रस्तावित विधेयक का उद्देश्य संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना, विधायिकाओं में सदस्यों की संख्या बढ़ाना और निर्वाचित निकायों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता आसान बनाना है।


इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन की प्रक्रिया को सुगम बनाने और संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 भी शामिल है। इसके जरिए परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता तैयार करने की योजना है।


सरकार का लक्ष्य नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी तरीके से लागू करना है। हालांकि, इन प्रस्तावों को संसद की मंजूरी मिलना जरूरी होगा। ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाला विशेष सत्र महिला आरक्षण के साथ-साथ परिसीमन के मुद्दे पर भी सरकार और विपक्ष के बीच अहम राजनीतिक परीक्षा साबित हो सकता है।