Bihar politics - जदयू- भाजपा की सरकार महिलाओं को कभी सम्मान नहीं दे सकती, 10 हजार बांटने पर मुकेश सहनी ने उठाए सवाल

Bihar politics - जदयू- भाजपा की सरकार महिलाओं को कभी सम्मान
भाजपा-जदयू पर मुकेश सहनी ने लगाया आरोप- फोटो : न्जूज4नेशन

Patna -  विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज से शुरू मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर चुनाव से ठीक पहले आधी आबादी के आत्मनिर्भर बनाने के लिए 10 हजार रुपये देने की जरूरत क्यों पड़ी?  

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार 20 साल से बिहार की सत्ता में है लेकिन अब तक इन्हें महिलाओं के आत्मनिर्भर बनाने की याद नहीं आई थी, लेकिन जब चुनाव सिर पर आया तब इन्हें महिलाओं की याद आ गई।  उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। गांव के पुरुष बाहर कमाने चले जा रहे हैं, महिलाओं को अकेले घर संभालना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि क्या कभी उन महिलाओं के दर्द को सरकार ने समझने की कोशिश की?   

महिलाओं का कभी सम्मान नहीं कर सकती भाजपा-जदयू

'सन ऑफ मल्लाह ' के नाम से चर्चित मुकेश सहनी ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा और जदयू की सरकार महिलाओं को सम्मान नहीं दे सकती है। उन्होंने कहा कि महागठबन्धन ने प्रदेश की सभी महिलाओं को प्रति महीने 2500 रुपये देने का निर्णय लिया है। यह राशि न केवल महिलाओं को इस महंगाई से राहत देगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद करेगी।  

उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से इस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा और जदयू को मालूम है कि आपकी मदद के बिना सरकार नहीं बन सकती है। यही कारण है कि ये 10 हजार रुपये दे रहे हैं, लेकिन इनके झांसे में आने की जरूरत नहीं है।