नीतीश के आवास पर शुरू हुई जदयू की बड़ी बैठक, सम्राट मंत्रिमंडल विस्तार के पहले ललन, विजय, संजय को बुलाया
जानकारी के अनुसार, इस विस्तार में बीजेपी कोटे से 12 और जनता दल यूनाइटेड कोटे से 11 नए मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद कैबिनेट का कुल आंकड़ा 30 से 32 तक पहुंच सकता है।
Nitish Kumar : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार की भाजपा सरकार के लिए 7 मई का दिन बेहद खास होने जा रहा है. 7 मई को पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनेगा जब सम्राट सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा. वहीं मंत्रिमंडल विस्तार के पहले जदयू में हलचल तेज हो गई है. बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7 सर्कुलर रोड में जदयू के बड़े नेताओं की मीटिंग शुरू हो गई है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित अन्य जदयू के शीर्ष नेताओं की मीटिंग हो रही है. मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर यह मीटिंग माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, इस विस्तार में बीजेपी कोटे से 12 और जनता दल यूनाइटेड कोटे से 11 नए मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद कैबिनेट का कुल आंकड़ा 30 से 32 तक पहुंच सकता है। हालांकि जेडीयू कोटे में दो पद फिलहाल खाली रखे जाएंगे, जिसे भविष्य की सियासी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
निशांत पर होगा बड़ा फैसला
चर्चाओं के मुताबिक बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार कल सम्राट कैबिनेट का हिस्सा बन सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 7 मई को गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में वे मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिससे बिहार की राजनीति में एक नया सियासी मोड़ आ सकता है। हालांकि जदयू की ओर से इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है. निशांत फ़िलहाल बिहार में यात्रा पर हैं. सूत्रों के मुताबिक देर रात जनता दल यूनाइटेड के नेताओं की अहम बैठक में इस मसले पर गंभीर मंथन हुआ, जिसके बाद निशांत कुमार पर यह छोड़ा गया है कि वे सरकार का हिस्सा बनने पर अपनी रज़ामंदी जाहिर करें।
निशांत का आना बेहद खास
बता दें कि मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पहले संकेत दिए थे कि यदि निशांत कैबिनेट में शामिल होते हैं तो उन्हें खुशी होगी। निशांत कुमार पिछले कुछ समय से बिहार सद्भावना यात्रा पर हैं और लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। वे आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और अपने पिता के विकास कार्यों का फीडबैक भी ले रहे हैं।
पीएम मोदी -अमित शाह होंगे शामिल
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रात राजधानी पहुंच रहे हैं। उनके साथ नितिन नवीन भी पटना आने वाले हैं. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पटना आएंगे और गांधी मैदन में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.