जदयू में पकड़ाया बड़ा गड़बड़झाला, अब नीतीश कुमार ने राजीव रंजन और नीरज कुमार को दी बड़ी जिम्मेदारी

पार्टी ने कहा है कि उसके संज्ञान में आया है कि कुछ अनधिकृत व्यक्ति विभिन्न टीवी चैनलों पर JDU के प्रतिनिधि के रूप में दावा करते हुए बहस में हिस्सा ले रहे हैं। पार्टी के मुताबिक, इस तरह का फर्जी प्रतिनिधित्व है

JDU  Spokespersons
JDU Spokespersons - फोटो : news4nation

Bihar News :  जनता दल (यूनाइटेड) ने टीवी चैनलों पर पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में बहस में शामिल होने वाले अनधिकृत लोगों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से शनिवार को अधिसूचना जारी कर सभी से अपील की गई है कि डिबेट में JDU की ओर से केवल अधिकृत प्रवक्ताओं को ही शामिल किया जाए।

पार्टी ने कहा है कि उसके संज्ञान में आया है कि कुछ अनधिकृत व्यक्ति विभिन्न टीवी चैनलों पर JDU के प्रतिनिधि के रूप में दावा करते हुए बहस में हिस्सा ले रहे हैं। पार्टी के मुताबिक, इस तरह का फर्जी प्रतिनिधित्व कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।


JDU के 10 अधिकृत प्रवक्ता

पार्टी की ओर से जारी सूची में कुल 10 नेताओं को अधिकृत प्रवक्ता के तौर पर शामिल किया गया है। इनमें एक राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार के मुख्य प्रवक्ता समेत बिहार के अन्य प्रवक्ता शामिल हैं। सूची के अनुसार राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है, जबकि एमएलसी नीरज कुमार बिहार के मुख्य प्रवक्ता हैं। इसके अलावा निहोरा प्रसाद यादव, डॉ. भारती मेहता (एमएलसी), नवल शर्मा, अभिषेक झा, शंभूनाथ सिन्हा, अनुप्रिया, चंदन कुमार सिंह और पूजा एन. शर्मा को बिहार का प्रवक्ता बताया गया है।


टीवी चैनलों से सहयोग की अपील

JDU ने अपनी अधिसूचना में टीवी चैनलों से अनुरोध किया है कि वे पार्टी की ओर से होने वाली टीवी डिबेट में केवल सूची में शामिल अधिकृत प्रवक्ताओं को ही आमंत्रित करें। पार्टी ने कहा है कि वह चैनलों से इस मामले में उनके ध्यान और सहयोग की अपेक्षा करती है।


पार्टी के इस कदम के बाद अब टीवी डिबेट में JDU का आधिकारिक पक्ष रखने के लिए जारी की गई सूची में शामिल नेताओं को ही अधिकृत माना जाएगा।