महात्मा गांधी और बिहार के रिश्ते पर शोध के लिए बापू टावर दे रहा फेलोशिप, 25 लाख रुपए ऐसे मिलेगा

फेलोशिप के लिए अभ्यर्थी के पास गांधी आधारित विषयों में स्नातक या उच्चत्तर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, महात्मा गांधी और उनके जीवन दर्शन से जुड़े किसी क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक कार्य करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

Bapu Tower
Bapu Tower- फोटो : news4nation

Bihar News : महात्मा गांधी और बिहार के ऐतिहासिक संबंधों, गांधीजी के बिहार में किए गए सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक कार्यों तथा उनके दर्शन पर शोध को बढ़ावा देने के लिए बापू टावर समिति ने ‘बापू टावर फेलोशिप’ की घोषणा की है। इस फेलोशिप के तहत योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कुल 5 शोधार्थियों का चयन किया जाएगा और प्रत्येक फेलो को एक वर्ष की अवधि के लिए 5 लाख रुपये की फेलोशिप राशि दी जाएगी।


चयनित शोधार्थियों को एक वर्ष के दौरान महात्मा गांधी और बिहार के संबंधों से जुड़े विषय पर शोध कार्य करना होगा। इसमें बिहार में गांधीजी द्वारा किए गए सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक कार्य, उनका दर्शन अथवा ऐसे व्यापक विषय शामिल हो सकते हैं, जो गांधीजी और बिहार के ऐतिहासिक रिश्ते को समझने में मदद करते हों। शोध कार्य फेलोशिप वर्ष के अंतिम माह में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।


कौन कर सकता है आवेदन?

फेलोशिप के लिए अभ्यर्थी के पास गांधी आधारित विषयों में स्नातक या उच्चत्तर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, महात्मा गांधी और उनके जीवन दर्शन से जुड़े किसी क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक कार्य करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। उच्चत्तर डिग्री रखने वाले अभ्यर्थियों या गांधी दर्शन के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 50 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।


4000 से 5000 शब्दों का देना होगा शोध प्रस्ताव

आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा (CV), फोटो और अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) संलग्न करना होगा। इसके अलावा 4000 से 5000 शब्दों का रिसर्च प्रपोजल तीन प्रतियों में जमा करना अनिवार्य है। प्रस्ताव में शोध के विषय, उसकी रूपरेखा और उद्देश्य स्पष्ट किए जाने होंगे। जो अभ्यर्थी किसी कार्यालय या संस्थान में पूर्णकालिक कार्यरत हैं, उन्हें आवेदन के साथ संबंधित संस्थान का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देना होगा। वहीं, पूर्णकालिक रूप से कहीं कार्यरत नहीं रहने वाले अभ्यर्थियों को इस संबंध में शपथ-पत्र देना होगा।


15 अक्टूबर तक भेजना होगा आवेदन

अभ्यर्थी अपना आवेदन स्पीड पोस्ट, कूरियर या हाथों-हाथ जमा कर सकते हैं। आवेदन  निदेशक, बापू टावर, गर्दनीबाग, पटना-800001 के पते पर भेजना होगा। बापू टावर कार्यालय में आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। फेलोशिप से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आधिकारिक सूचना के लिए अभ्यर्थी बिहार सरकार की वेबसाइट state.bihar.gov.in/prdbihar पर जानकारी देख सकते हैं।