Bihar cabinet minister list: जदयू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपी मंत्रियों की लिस्ट, सांसदों-विधायकों की बैठक के बाद फैसला, निशांत की मंत्रिमंडल में होगी इंट्री!

Bihar cabinet minister list: पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड पर हुई अहम बैठक में जदयू के कई बड़े नेता मौजूद रहे। ललन सिंह भी दिल्ली से पटना पहुंचे और रणनीति बैठक में शामिल हुए। ...

JDU submits ministers list to CM Nishant likely to enter cab
जदयू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपी मंत्रियों की लिस्ट- फोटो : reporter

Bihar cabinet minister list: बिहार की राजनीति में बड़ा सियासी मोड़ देखने को मिल सकता है। पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड पर हुई अहम बैठक में जदयू के कई बड़े नेता मौजूद रहे। ललन सिंह भी दिल्ली से पटना पहुंचे और रणनीति बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद मंत्रियों की सूची लगभग फाइनल कर ली गई, जिसे लेकर संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी एक साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।बताया जा रहा है कि 7 मई को करीब 27 मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिनमें भाजपा, जेडीयू, लोजपा (रा.), हम और रालोमो के नेता शामिल होंगे। वहीं राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए कुछ सीटें फिलहाल खाली भी रखी जा सकती हैं।खबर है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रखते हुए मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में वह सम्राट चौधरी की कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात जेडीयू नेताओं की मैराथन बैठक के बाद यह बड़ा फैसला सामने आया। शुरुआत में निशांत कुमार ने मंत्री बनने से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और करीबी लोगों के समझाने के बाद आखिरकार वह मान गए। माना जा रहा है कि बदलते सियासी समीकरणों में उनका सरकार में शामिल होना जेडीयू के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकता है।

एमएलसी संजय गांधी ने भी संकेत दिए कि लंबी बातचीत के बाद निशांत के रुख में बदलाव आया और वे तैयार हो गए हैं। इससे पहले सम्राट चौधरी खुद भी इच्छा जता चुके थे कि निशांत कैबिनेट में शामिल हों।

अगर यह फैसला हकीकत में बदलता है, तो यह न सिर्फ निशांत कुमार की पहली औपचारिक राजनीतिक एंट्री होगी, बल्कि बिहार की सियासत में एक नया अध्याय भी जोड़ देगा। अब सबकी नजर गांधी मैदान पर टिकी है जहां पॉलिटिकल डेब्यू का यह बड़ा मंच सजने जा रहा है।