Bihar News : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का जन्मदिन बिहार समेत देशभर में धूमधाम से मना, कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण, पैतृक गांव महकार में परिवार ने काटा केक

Bihar News : केंद्र सरकार में मंत्री जीतनराम मांझी का जन्मदिन बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में उत्साह और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का जन्मदिन बिहार
केंद्रीय मंत्री का जन्मदिन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के संरक्षक, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतनराम मांझी का जन्मदिन आज बिहार से लेकर देश के विभिन्न राज्यों तक उत्साह और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संतोष कुमार सुमन के निर्देश पर बिहार के सभी जिलों सहित विभिन्न राज्यों में कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और बेहतर भविष्य का संकल्प लिया। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने मांझी के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय और गरीब-वंचित वर्गों के सम्मान के लिए उनके योगदान को स्मरण किया।

जीतनराम मांझी के पैतृक गांव महकार में उनके पुत्र एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन, उनकी पुत्रवधू एवं विधायक दीपा मांझी तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने पूर्वजों के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और आशीर्वाद लिया। वहीं, पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार के विभिन्न जिलों और देश के अलग-अलग राज्यों में भी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर इस अवसर को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा।

पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि जीतन राम मांझी का जन्मदिन उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाज के गरीब एवं वंचित वर्गों के सम्मान के लिए उनके योगदान को याद करने का अवसर है। बिहार से देश के विभिन्न हिस्सों तक कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह के साथ जन्मदिन मनाया जाना उनके प्रति सम्मान और संगठन की एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर लगाया गया प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण, सेवा और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य का संकल्प है। 

मांझी का संघर्षशील जीवन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय, सिकंदरा के विधायक प्रफुल्ल मांझी, कुटुंबा के विधायक ललन राम, बाराचट्टी की विधायक ज्योति मांझी, अतरी के विधायक रोमित कुमार, महादलित आयोग के उपाध्यक्ष देवेंद्र मांझी, सदस्य मुकेश मांझी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्री जीतन राम मांझी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सक्रिय जीवन की कामना की।