Bihar Politics - जन सुराज में शामिल हुए जेपी सेनानी शिव कुमार और पूर्व रिटायर्ड जज, कहा - बिहार में बदलाव अब निश्चित

Bihar Politics - जेपी आंदोलन में शामिल रहे शिव कुमार और रिटायर्ड ओम प्रकाश ने आज जनसुराज की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव होने जा रहा है।

Bihar Politics - जन सुराज में शामिल हुए जेपी सेनानी शिव कुमा
जनसुराज में शामिल हुए जेपी सेनानी- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna -  जन सुराज पार्टी में आज शेखपुरा के बरबीघा निवासी वरिष्ठ नेता शिव कुमार शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पीला गमछा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित मिलन समारोह में शिव कुमार के साथ ही उनके सैकड़ों समर्थकों ने भी जन सुराज पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ ही प्रदेश महामंत्री किशोर कुमार, वरिष्ठ नेता व पूर्व डीजीपी आरके मिश्रा, विनीता विजय और प्रदेश मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान भी मौजूद रहे। 

इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि आज बिहार में जन सुराज की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। लेकिन हमलोग सिर्फ सरकार बदलने नहीं आए हैं। हमारी पार्टी सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन करना चाहती है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि आशा है कि सभी लोग जन सुराज में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। आज हर राजनीतिक दल में भ्रष्ट लोग भरे हुए हैं। जन सुराज इसी भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए बना है। इस दौरानजेपी सेनानी शिव कुमार बोले- व्यक्तित्व से नहीं, पद से किसी का कद नापा जाना आज राजनीति में गिरावट की मुख्य वजह बन गई है।

14 साल की उम्र में जेपी आंदोलन से जुड़े

भूमिहार समाज से आनेवाले शिव कुमार का लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। 14 साल की उम्र में ही 1974 के जेपी आंदोलन के दौरान 28 माह के लिए जेल भी गए थे। शिव कुमार बरबीघा नगर परिषद के सभापति भी रहे हैं। 2015 का बिहार विधानसभा चुनाव उन्होंने NDA की सहयोगी रालोसपा के टिकट पर लड़ा था। जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार के करीबी माने जाते हैं और ‘बरबीघा बचाओ, बरबीघा बनाओ’ संगठन के जनक भी हैं।

45 केस किए दर्ज

जन सुराज पार्टी में शामिल होने के बाद शिव कुमार ने कहा कि जेपी आंदोलन के दौरान हमपर 45 केस किए गए। मर्डर का भी झूठा केस किया गया। हम 18 साल तक केस लड़ते रहे। किसी वकील ने हमसे एक पैसा फीस नहीं लिया, अगर लेता तो मेरा घर भी बिक जाता। आज की राजनीति में गिरावट की बड़ी वजह है कि अब लोगों की ऊंचाई उनके व्यक्तित्व से नहीं, पद से नापी जाने लगी है। 

रिटायर्ड जज ने भी ली सदस्यता

मिलन कार्यक्रम में रिटायर्ड जज ओम प्रकाश ने भी जन सुराज पार्टी की सदस्यता ली। वे लंबे समय तक पटना समेत कई जिलों में जिला जज के तौर पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मैं रविदास समाज से आता हूं। न्यायिक सेवा से रिटायर होने के बाद समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा हुई तो लोगों ने सलाह दी कि जन सुराज से जुड़ें। इसी प्रेरणा से मैं आज जन सुराज में शामिल हो रहा हूं।

इस मिलन समारोह को पार्टी के प्रदेश महामंत्री किशोर कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिव कुमार अपने लंबे अनुभव की वजह से हमारी पार्टी के लिए अभिभावक के तौर पर कार्य करेंगे। किशोर कुमार ने बताया कि आज शिव कुमार के साथ कई राजनीतिक दलों के लोग भी जन सुराज में शामिल हो रहे हैं। उनमें प्रो सच्चिदानंद यादव, अनिल सिंह, संजीत चौधरी, दिनेश शर्मा आदि शामिल हैं। सभी अपने अपने इलाके के प्रतिष्ठित लोग हैं और सामाजिक जीवन में सक्रिय हैं।

रिपोर्ट - नरोत्तम कुमार