बापू सभागार में गूंजा शहीद जुब्बा साहनी का जयघोष: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने दी श्रद्धांजलि
बापू सभागार में अमर शहीद जुब्बा साहनी का शहादत दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और निषाद समाज के विकास के लिए एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
Patna - : जल मित्र सामाजिक संगठन के तत्वावधान में आज पटना के बापू सभागार में अमर शहीद जुब्बा साहनी का शहादत दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस भव्य कार्यक्रम में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा सहकारिता मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी सहित हजारों की संख्या में निषाद समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा शहीद जुब्बा साहनी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई।
महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए जान न्योछावर करने वाले महान सपूतों के आदर्शों पर चलना ही युवा पीढ़ी का असली संकल्प होना चाहिए। उन्होंने जल मित्र सामाजिक संगठन और सकलदेव बिंद को बधाई देते हुए कहा कि जुब्बा साहनी के विचारों को घर-घर पहुँचाने का यह प्रयास सराहनीय है। वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जुब्बा साहनी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ डटकर लड़ाई लड़ी और उनकी शहादत हमें गौरवान्वित करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए सरकार 'सबका साथ-सबका विकास' के मंत्र के साथ भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है।
निषाद समाज की एकजुटता और हक की आवाज
जल मित्र सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सकलदेव बिंद ने निषाद समाज के योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि यह प्रदेश की तीसरी बड़ी आबादी है, जिसे अब तक उचित भागीदारी नहीं मिली है। उन्होंने संकल्प लिया कि समाज पर कहीं भी अत्याचार होगा, तो वे मजबूती से खड़े रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए सरकार मल्लाह समाज को हक दिलाने के लिए वचनबद्ध है और जननायक कर्पूरी ठाकुर को सम्मान देकर प्रधानमंत्री ने अतिपिछड़ा समाज का मान बढ़ाया है। सहकारिता मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने भी देश के विकास में अतिपिछड़ा समाज की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
फिल्म 'जुब्बा दी वॉरियर' का पोस्टर रिलीज
इस ऐतिहासिक अवसर पर केशव मूवी एंटरटेनमेंट की ओर से भोजपुरी फिल्म 'जुब्बा दी वॉरियर' का आधिकारिक पोस्टर रिलीज किया गया। यह फिल्म अमर शहीद जुब्बा साहनी की जीवनी पर आधारित है, जिसका निर्माण मुकेश निषाद और सकलदेव बिंद कर रहे हैं। अमित विक्रम के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म की पूरी शूटिंग बिहार में ही होगी और इसे जनवरी 2029 में रिलीज करने की योजना है।