Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, दीपदान और देव दीपावली का ये है विशेष महत्व

Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज, 24 नवंबर को पटना सहित देशभर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण है। ...

Kartik Purnima 2026
पटना के गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब- फोटो : reporter

Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज, 24 नवंबर को पटना सहित देशभर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण है। प्रातःकाल से ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पुण्यस्नान के लिए बड़ी संख्या में लोग गंगा तट पहुंच रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान, दान, जप तथा दीपदान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से मनुष्य के समस्त पापों का नाश होता है तथा मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस तिथि पर देवतागण पृथ्वी पर अवतरित होकर दीपोत्सव मनाते हैं। इसी कारण नदी घाटों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित करने की विशेष परंपरा है। पटना में भी श्रद्धालु गंगा घाटों पर स्नान के पश्चात पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर रहे हैं।

यह पावन तिथि भगवान विष्णु और भगवान शिव, दोनों की आराधना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। प्रातःकाल स्नान के पश्चात श्रद्धालु भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की पूजा कर रहे हैं। धार्मिक विधान के अनुसार, प्रदोष काल में इन देवताओं की संयुक्त आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है। पूजा में फल, पुष्प, मिष्ठान, धूप और दीप अर्पित किए जाते हैं। इसके पश्चात श्रद्धालु दीपदान करते हैं।

नदी अथवा सरोवर तक पहुंचना संभव नहीं हो, तो घर में ही जलस्रोत के समीप दीप प्रज्वलित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त तुलसी के पौधे, मुख्य द्वार, रसोई, छत और देवालय में दीपक जलाने की परंपरा है।

कार्तिक पूर्णिमा का संबंध भगवान शिव के त्रिपुरासुर वध से भी है। इसी कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा जाता है। वहीं, भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार की स्मृति में भी इस तिथि का विशेष धार्मिक महत्त्व है। इस दिन हरि-हर अर्थात विष्णु और शिव की संयुक्त उपासना की जाती है।

सिख धर्म के अनुयायियों के लिए भी यह तिथि विशेष महत्त्व रखती है। इस अवसर पर सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। गुरुद्वारों में कीर्तन, अरदास और सेवा के आयोजन होते हैं। इस प्रकार कार्तिक पूर्णिमा भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में आस्था, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विशिष्ट पर्व है।
रिपोर्ट- देवांशु प्रभात