Patna Traffic News: कार्तिक पूर्णिमा पर पटना निकलने से पहले जान लें ये रास्ते, कई जगह गाड़ियों की नो एंट्री, पार्किंग का भी बदला इंतजाम

Patna Traffic News: कार्तिक पूर्णिमा पर अगर आप गंगा स्नान के लिए पटना के घाटों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का नया रूट जरूर जान लीजिए।...

Patna Traffic Routes Changed
कार्तिक पूर्णिमा पर पटना में ट्रैफिक का नया इंतजाम- फोटो : X

Patna Traffic News: कार्तिक पूर्णिमा पर अगर आप गंगा स्नान के लिए पटना के घाटों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का नया रूट जरूर जान लीजिए। 24 नवंबर को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पटना की कई सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है। खासकर अशोक राजपथ और गायघाट की तरफ जाने वालों को बदले हुए रास्तों से गुजरना होगा। प्रशासन ने अलग-अलग घाटों के लिए पार्किंग भी तय कर दी है, ताकि स्नान के लिए पहुंचने वाले लोगों को जाम में न फंसना पड़े।

सबसे बड़ा बदलाव कारगिल चौक से गायघाट के बीच किया गया है। इस रास्ते पर पूरब की तरफ किसी भी वाहन को जाने की इजाजत नहीं होगी। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी रास्तों से वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। हालांकि, श्रद्धालु खजांची रोड के रास्ते पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में अपनी गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे। कारगिल चौक से शाहपुर की ओर जाने वाले वाहनों को सामान्य रूप से चलने दिया जाएगा।

गायघाट जाने की योजना बना रहे लोगों को पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनुकी मोड़ पहुंचना होगा। यहां से शीतला माता मंदिर और बिस्कोमान गोलंबर होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाने का रास्ता मिलेगा। ध्यान रहे कि गायघाट पुल के नीचे टेंपो और दूसरे व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। अगमकुआं आरओबी की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक ही जा सकेंगे, जबकि धनुकी मोड़ और बिस्कोमान गोलंबर की तरफ से आने वाले वाहनों को डंका इमली चौक पर रोक दिया जाएगा।

गांधी मैदान से गायघाट जाने वालों को भी अपना रास्ता बदलना पड़ेगा। ऐसे वाहनों को एक्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल, बहादुरपुर गुमटी और बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, गायघाट से अशोक राजपथ की ओर आने वाले वाहनों को गांधी चौक से बारी पथ की तरफ मोड़ दिया जाएगा। इस रास्ते से सीधे गांधी मैदान पहुंचने की अनुमति नहीं होगी।

उधर, जेपी सेतु पर भी आवाजाही को लेकर सख्ती रहेगी। 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर से पटना आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। बस, ट्रक, हाईवा और जेसीबी जैसे भारी वाहनों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। इस दौरान इन शहरों की तरफ जाने वाले लोगों के लिए महात्मा गांधी सेतु का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

दीघा के रामजीचक से जेपी सेतु आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों को पाटली पथ के उत्तरी छोर पर यू-टर्न कराकर पार्क कराया जाएगा। पाटीपुल, दीघा, शिवा और मीनार घाट जाने वाले लोगों को अपने वाहन संबंधित घाटों की पार्किंग में खड़े करने होंगे। इसके बाद घाट तक पैदल जाना पड़ेगा।

वहीं, पटना जंक्शन और जीपीओ होकर बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली नगर बसें कारगिल चौक नहीं आएंगी। इन्हें गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर खड़ा कराया जाएगा। ऐसे में गंगा स्नान के लिए निकलने वाले श्रद्धालु घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें और रास्ते में ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

ब्यूरो रिपोर्ट