Bihar Khan Sir Case:खान सर ने सिविल कोर्ट में दायर की अग्रीम जमानत याचिका , पुलिस की पकड़ से अब भी दूर! फैजल खान को बेल या जेल
फैजल खान उर्फ खान सर ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल कर दी है।...
Bihar Khan Sir Case: पटना में खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में हुई फायरिंग और बवाल के सनसनीखेज मामले में सोमवार को बड़ा कानूनी घटनाक्रम सामने आया है। संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल कर दी है। इस कदम के बाद पूरे मामले पर अदालत, पुलिस और आम लोगों की निगाहें टिक गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, खान सर की ओर से उनके वकील ने शनिवार को ही अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर ली थी। इसके बाद सोमवार को अदालत में औपचारिक तौर पर याचिका दाखिल की गई। अब अदालत में इस अर्जी पर सुनवाई के दौरान पुलिस की दलीलों और बचाव पक्ष के तर्कों पर सबकी नजर रहेगी।
उधर, इसी मुकदमे में गिरफ्तार किए गए खान सर के दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में आज का दिन इस पूरे प्रकरण में बेहद अहम माना जा रहा है। अदालत का रुख आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा तय कर सकता है।
दूसरी तरफ, वारदात के चार दिन गुजर जाने के बावजूद पुलिस अभी तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और कयासबाजियां जारी हैं, लेकिन पुलिस महकमे की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। यही वजह है कि मामले को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
फायरिंग, हंगामे और उसके बाद शुरू हुई कानूनी जंग ने इस मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी निगाहें अदालत के फैसले और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि खान सर को अदालत से राहत मिलती है या फिर जांच एजेंसियां उनके खिलाफ शिकंजा और कसती हैं।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार