Bihar Politics:लालू-तेजस्वी के भरोसे पर खरा उतरूंगा... विधान परिषद चुनाव में सुनील सिंह ने भरा नामांकन, राजद खेमे में बढ़ी सियासी हलचल
Bihar Politics: नामांकन दाखिल करने के बाद सुनील सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया और इसे अपने राजनीतिक जीवन की बड़ी जिम्मेदारी बताया।
Bihar Politics: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजधानी पटना में राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। 10 सीटों, जिनमें एक उपचुनाव की सीट भी शामिल है, के लिए नामांकन के अंतिम दिन बिहार विधानसभा परिसर पूरी तरह राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के उम्मीदवार रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार को लेकर रही, जहां लंबे इंतजार के बाद पार्टी ने अपने उम्मीदवार के तौर पर सुनील सिंह को मैदान में उतार दिया।
सुनील सिंह के नामांकन के साथ ही राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नामांकन दाखिल करने के बाद सुनील सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया और इसे अपने राजनीतिक जीवन की बड़ी जिम्मेदारी बताया।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को नमन करते हैं, जिन्होंने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले जननेता हैं। उनके विश्वास और मार्गदर्शन ने ही उन्हें यहां तक पहुंचाया है।
सुनील सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव आज युवाओं के सबसे बड़े आइकन बनकर उभरे हैं और उन्होंने भी उन पर भरोसा जताया है। यह विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुनील सिंह की उम्मीदवारी केवल एक चुनावी फैसला नहीं, बल्कि राजद नेतृत्व का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश भी है। ऐसे समय में जब विधान परिषद चुनाव को सत्ता और विपक्ष की ताकत की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, राजद ने अपने भरोसेमंद और अनुभवी चेहरे पर दांव खेलकर संगठन के भीतर स्पष्ट संकेत देने की कोशिश की है।नामांकन के साथ ही अब विधान परिषद चुनाव की सियासी जंग और तेज हो गई है। आने वाले दिनों में संख्या बल, राजनीतिक रणनीति और गठबंधन की गणित को लेकर चर्चाओं का दौर और गर्म होने की संभावना है। फिलहाल राजद खेमे में सुनील सिंह के नामांकन को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास दोनों दिखाई दे रहे हैं।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह