पटना में कोलकाता की डांसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दोस्त के किराए के फ्लैट में मिली लाश

पटना में कोलकाता की डांसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, द
पटना में कोलकाता की डांसर की संदिग्ध मौत- फोटो : अनिल कुमार

Patna :  राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर रोड नंबर-3 में एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान कोलकाता निवासी रोजी खातून के रूप में हुई है, जो पेशे से नर्तकी (डांसर) थी। जानकारी के अनुसार, रोजी बीते 12 अगस्त को कोलकाता से पटना पहुंची थी और अपने दोस्त आर्यन के किराए के फ्लैट में रुकी हुई थी।


दोस्त के फ्लैट में हुई थी पार्टी, 14 अगस्त को देवघर गया था परिवार 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पटना आने के बाद रोजी जिस फ्लैट में ठहरी थी, वहां एक पार्टी भी आयोजित की गई थी। इसके बाद 14 अगस्त को फ्लैट मालिक आर्यन अपनी पत्नी के साथ देवघर (झारखंड) पूजा-अर्चना के लिए निकल गया था। 17 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में रोजी की मौत हो गई।


भांजे ने दी मौत की सूचनादुकान बंद कर घर लौटने पर खुली पोल 

आर्यन का कहना है कि उसकी मीठापुर पुरानी बस स्टैंड गेट नंबर-2 के पास चाउमिन की दुकान है। घटना की रात उसका भांजा दुकान पर मौजूद था। देर रात जब भांजा दुकान बंद कर फ्लैट पर लौटा, तो उसने रोजी को मृत अवस्था में पाया। उसने तुरंत फोन कर देवघर में मौजूद अपने मामा आर्यन को घटना की जानकारी दी।


एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्यपरिजनों का इंतजार 

घटना की सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया। FSL की टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के परिजन खबर लिखे जाने तक कोलकाता से पटना नहीं पहुंचे थे।


पीएमएच में कराया गया पोस्टमार्टमरिपोर्ट पर टिकी पुलिस जांच 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान आर्यन और उसका भांजा अस्पताल में मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।


अनिल की रिपोर्ट