Bihar lalu Politics:सुरक्षा घटाई, सियासी बंगला बदला… अब अगला एपिसोड क्या? लालू परिवार पर सत्ता का सख्त वार, RJD के भविष्य पर मंडराता सवालिया साया , पर्दे के पीछे क्या चल रहा है खेल… पढ़िए इनसाइड स्टोरी

Bihar lalu Politics: चर्चा गर्म है कि लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती, सरकारी आवास का बदलाव और पुराने राजनीतिक समीकरणों का टूटना सब कुछ किसी बड़े सियासी री-सेट की तैयारी है।...

Lalu Family Politics
लालू परिवार पर सत्ता का सख्त वार- फोटो : social Media

Bihar lalu Politics: पटना की फिज़ाओं में इस समय जो सियासी धुआँ उठ रहा है, वह किसी साधारण प्रशासनिक फैसले का परिणाम नहीं, बल्कि एक बड़े पॉलिटिकल थ्रिलर का शुरुआती अध्याय माना जा रहा है। चर्चा गर्म है कि  लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती, सरकारी आवास का बदलाव और पुराने राजनीतिक समीकरणों का टूटना सब कुछ किसी बड़े सियासी री-सेट की तैयारी है।सियासी गलियारों में कहा जा रहा है कि यह सब कुछ एक ट्रेलर है, असली फिल्म अभी बाकी है। निशाने पर हैं बिहार की सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय राजनीति के धुरंधर लालू प्रसाद यादव और उनका पूरा परिवार।

सर्कुलर रोड से हार्डिंग रोड तक, सिर्फ बंगला नहीं, सियासी प्रतीक बदला गया

25 नवंबर 2025 को सरकार की ओर से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने का नोटिस जारी हुआ और बदले में 39 हार्डिंग रोड का बंगला आवंटित कर दिया गया। यह केवल मकान बदलने का मामला नहीं था, बल्कि सत्ता और प्रतीकात्मक ताकत के पुनर्संतुलन का संकेत माना गया। राबड़ी देवी  को लगातार चार नोटिस दिए गए, अंतिम डेडलाइन 29 जून 2026 थी। लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी बंगला खाली नहीं हुआ। अब चर्चा है कि जल्द ही पूरा सामान शिफ्ट हो चुका है और औपचारिक खालीकरण सिर्फ समय की बात है।

Z+ से डाउनग्रेड तक, सुरक्षा में कटौती से सियासी आक्रोश

4 जून 2026 को हुई राज्य सुरक्षा समिति की बैठक ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया। इसी बैठक के बाद लालू परिवार की Z+ सुरक्षा हटाई गई।नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीमित BSAP गार्ड, जिला पुलिस के एस्कॉर्ट,बुलेट प्रूफ वाहन (सीमित स्तर पर)..यह बदलाव सियासी तौर पर बड़ा संदेश माना गया कि अब विशेष सुरक्षा कवच धीरे-धीरे हटाया जा रहा है।तेजस्वी यादव  की Y+ सुरक्षा बरकरार रही, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा में कटौती ने राजनीतिक तकरार को और बढ़ा दिया।

लालू परिवार का पलटवार

सुरक्षा कटौती से नाराज होकर पूरे परिवार ने सरकारी सुरक्षा लौटाने का फैसला किया। राबड़ी देवी ने तैनात जवानों को वापस भेज दिया। बाद में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने भी यही कदम उठाया।सियासी हलकों में यह कदम प्रतीकात्मक प्रतिरोध माना गया यानी संदेश साफ था कि यह सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि सम्मान और राजनीतिक टकराव का सवाल है।

टूटने की रणनीति या राजनीतिक दबाव?

सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी तेज है कि राष्ट्रीय जनता दल के भीतर टूट की कोशिशें चल रही हैं। दावा है कि जरूरत पड़ने पर विधायकों और सांसदों को तोड़ने की रणनीति सक्रिय की जा सकती है।यह वही रणनीति मानी जा रही है जिसका राजनीतिक संकेत पहले भी राज्यसभा चुनावों के दौरान देखने को मिला था, जब कुछ वोटिंग पैटर्न ने सबको चौंका दिया था।

कोर्ट की तलवार

लालू परिवार इस समय दो बड़े मामलों में कानूनी घेराबंदी में है,IRCTC टेंडर केस,“नौकरी के बदले जमीन मामला।दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आरोप तय हो चुके हैं। अदालत की टिप्पणियाँ भी बेहद सख्त रही हैं, जिनमें कथित साजिश और भ्रष्टाचार की बात कही गई।अगर आरोप साबित होते हैं, तो सजा की स्थिति में राजनीतिक भविष्य पर सीधा असर पड़ सकता है।

चुनावी गणित और भविष्य की अनिश्चितता

सियासी विश्लेषकों का मानना है कि RJD आज भी मजबूत वोट बैंक रखती है, लेकिन नेतृत्व संकट सबसे बड़ी चुनौती है।तेजस्वी यादव को पार्टी का चेहरा माना जाता है, लेकिन कानूनी दबाव या राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति में उत्तराधिकार का प्रश्न गंभीर हो सकता है। परिवार के भीतर भी राजनीतिक भूमिकाएँ बंटी हुई हैं , लालू के बड़े लाल तेजप्रताप यादव अब अलग राजनीतिक राह पर हैं। मीशा भारती सक्रीय राजनीति में हैं. तो लालू की लाडली रोहिणी आचार्य ने अलग झंडा गाड़ रखा है।

सम्राट की सियासत और सत्ता का संदेश

राजनीतिक हलकों में बिहार भाजपा के नेता सम्राट चौधरी के आक्रामक तेवरों को भी इस पूरे घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सत्ता पक्ष का रुख केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि रणनीतिक भी है।पटना की राजनीति इस समय एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां हर फैसला, हर नोटिस और हर बयान एक बड़े सियासी खेल का हिस्सा माना जा रहा है।क्या यह सिर्फ प्रशासनिक सख्ती है?या फिर 2029 की बड़ी लड़ाई से पहले राजनीतिक जमीन तैयार की जा रही है?सवाल बहुत हैं, जवाब कम… और सियासी हवा कह रही है अभी तो बस शुरुआत है, असली कहानी बाकी है…