Bihar Politics: लालू-राबड़ी की Z सुरक्षा बहाल, बुलेटप्रूफ गाड़ी भी मिली,सुरक्षा विवाद पर सरकार ने बदला फैसला

Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को दोबारा Z कैटेगरी की सुरक्षा बहाल कर दी गई है।

Lalu Rabri Get Z Security Back Along With Bulletproof Vehicl
लालू-राबड़ी की Z सुरक्षा बहाल- फोटो : social Media

Bihar Politics: बिहार की सियासत में सुरक्षा को लेकर छिड़े घमासान के बीच आखिरकार बड़ा फैसला सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को दोबारा Z कैटेगरी की सुरक्षा बहाल कर दी गई है। इसके साथ ही उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। कुछ दिन पहले बिहार सरकार ने सुरक्षा समीक्षा के बाद दोनों की Z प्लस सुरक्षा हटाकर व्यवस्था में बदलाव किया था, जिसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया था।

दरअसल, सुरक्षा में कटौती से नाराज़ लालू यादव और राबड़ी देवी ने विरोध स्वरूप अपनी बची हुई सरकारी सुरक्षा भी लौटा दी थी। इसके बाद विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला। आरजेडी का आरोप था कि सत्ता पक्ष राजनीतिक दुर्भावना के तहत विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहा है और उनकी सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है। इस फैसले के विरोध में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी थी।

आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने उस समय बयान जारी कर आरोप लगाया था कि सरकार जानबूझकर लालू परिवार को अपमानित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा था कि Z प्लस सुरक्षा हटाकर केवल बिहार पुलिस के जवानों के भरोसे सुरक्षा छोड़ देना उचित नहीं है।आरजेडी का कहना था कि लालू यादव राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता हैं और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वहीं राबड़ी देवी भी राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा में अचानक कटौती कई गंभीर सवाल खड़े करती है। पार्टी ने इसे केवल सुरक्षा का नहीं, बल्कि राजनीतिक सम्मान का भी मुद्दा बताया था।

हालांकि अब सरकार ने अपना फैसला बदलते हुए लालू यादव और राबड़ी देवी को फिर से Z कैटेगरी की सुरक्षा बहाल कर दी है। इसके साथ बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा मिलने से सुरक्षा को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल थमता नजर आ रहा है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है।