पटनासिटी में फायरिंग: चिड़िया पोखर में युवक को छूकर निकली गोली, अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच शुरू

पटनासिटी में फायरिंग की घटना: बायपास थाना क्षेत्र के चिड़िया पोखर इलाके में बातचीत के दौरान अचानक गोली चल गई।घटना में चुन्नू कुमार नाम का युवक सिर से गोली छूकर निकलने से घायल हो गया।DSP 2 शिव शंकर कुमार ने बताया कि पीड़ित की हालत खतरे से बाहर है

patna city bypass Chiraiya Pokhar Patna City clash
पटनासिटी बायपास थाना चिड़िया पोखर गोलीबारी- फोटो : Reporter

पटनासिटी के बायपास थाना क्षेत्र अंतर्गत चिड़िया पोखर इलाके में सोमवार को अचानक हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े चली गोलियों की गूंज से स्थानीय लोग सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।


आपसी बातचीत के दौरान चली गोली, सिर को छूकर निकली

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी 2 शिव शंकर कुमार ने बताया कि चिड़िया पोखर इलाके में कुछ युवक आपस में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी बात को लेकर गोली चल गई। इस घटना में चुन्नू कुमार नाम का युवक गोली की चपेट में आ गया, जो उसके सिर को छूती हुई निकल गई।


घायल युवक अस्पताल में भर्ती, स्थिति खतरे से बाहर

गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति अब स्थिर है और वह खतरे से पूरी तरह बाहर बताया जा रहा है।


संदिग्धों की पहचान पूरी, हथियार बरामदगी के लिए छापेमारी जारी

घटना के बाद बायपास थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट