Patna–Purnia Expressway: पटना से पूर्णिया अब सिर्फ 3 घंटे में! 6-लेन एक्सप्रेसवे से बंगाल और नेपाल पहुँचना होगा आसान, इन इलाकों से गुजरेगी सड़क

Patna–Purnia Expressway: पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। पूर्णिया जिले में 1343 एकड़ भूमि चिन्हित कर खेसरा पंजी तैयार कर ली गई है, जबकि ज्वाइंट मेजरमेंट सर्वे का कार्य जारी है।

पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे इस दिन तक होगा तैयार- फोटो : Reporter

Patna–Purnia Expressway: पूर्णिया में प्रस्तावित पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे (NE-9) को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। परियोजना के तहत जिले के पांच अंचलों के नगर, पूर्णिया पूर्व, धमदाहा, कसबा और बड़हरा कोठी के 37 मौजा में कुल 1343 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए खेसरा पंजी तैयार कर ली गई है और ज्वाइंट मेजरमेंट सर्वे (JMS) का कार्य जारी है।

भूमि दर निर्धारित

जिला प्रशासन के अनुसार, थ्री-ए की प्रक्रिया पूरी कर प्रारंभिक अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है। पांच सदस्यीय समिति द्वारा भूमि दर निर्धारण भी किया जा चुका है। एमवीआर रेट मिलने के बाद मुआवजा राशि को पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। अब थ्री-डी और उसके बाद थ्री-जी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिसमें इस बार जमीन और संरचना (स्ट्रक्चर) का मुआवजा एक साथ दिया जाएगा।

3 घंटे में पूरा होगा सफर

जमीन और संरचना की लागत का भुगतान होने के बाद अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। यह 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे वर्ष 2028 तक पूरा होने की संभावना है। इसके बन जाने के बाद पटना से पूर्णिया की दूरी महज करीब 3 घंटे में तय की जा सकेगी। यह एक्सप्रेसवे पूर्णिया में बीकोठी, धमदाहा, केनगर और कसबा होते हुए पूर्णिया पूर्व प्रखंड तक जाएगा। इसके निर्माण से बिहार की कनेक्टिविटी पश्चिम बंगाल और नेपाल से भी बेहतर होगी। साथ ही कोसी और सीमांचल क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

पूर्णिया एयरपोर्ट को एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना 

परियोजना के तहत औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देने की योजना है। एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की तैयारी चल रही है। साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट को भी इस एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना बनाई गई है। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में ज्वाइंट मेजरमेंट सर्वे जारी है। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाओं को तय समय में पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।