दरभंगा में पीएनजी गैस सुविधा का शुभारंभ: संजय सरावगी और सांसद गोपाल ठाकुर ने की शुरुआत, रसोई तक सीधे पहुंचेगी पाइप्ड नेचुरल गैस
दरभंगा में लोगों को अब घरेलू गैस के लिए बार-बार सिलिंडर भरवाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। ऊर्जा गंगा योजना के अंतर्गत पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पीएनजी पहुंचाने की सुविधा का बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद ने फीता काटकर औपचारिक शुभारंभ किया......
Patna : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने सांसद गोपाल जी ठाकुर और विधान पार्षद हरि सहनी के साथ मिलकर दरभंगा में ऊर्जा गंगा योजना के अंतर्गत पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पहुंचाने की सुविधा का फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया।
सिलेंडर बदलने की परेशानी से मिलेगी राहत, रसोई तक पहुंचेगी सीधी गैस
संजय सरावगी ने इस अवसर पर कहा कि दरभंगा के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। पाइपलाइन के जरिए सीधे रसोईघर तक गैस की आपूर्ति होने से अब शहरवासियों को भारी-भरकम एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और उसे बदलने की रोजाना की परेशानी से स्थाई रूप से मुक्ति मिलेगी।
पीएम मोदी के विजन और उज्ज्वला योजना के बाद एक और बड़ी पहल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऊर्जा सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के बाद अब पीएनजी की यह आधुनिक सुविधा आम परिवारों के दैनिक जीवन को और अधिक सहज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से दरभंगा के विकास को मिलेगी नई गति
प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में ऐसे आधारभूत विकास कार्यों से न केवल नागरिकों का जीवन सुगम होता है, बल्कि पूरे शहर के विकास को भी एक नई और तीव्र गति मिलती है। केंद्र सरकार की योजनाओं का मूल उद्देश्य आम लोगों के जीवन को सरल बनाना है।
लाभान्वित परिवारों से संवाद और अधिकारियों के साथ समीक्षा
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पीएनजी सुविधा का लाभ उठा रहे स्थानीय परिवारों से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने। साथ ही, बीपीसीएल (BPCL) के प्रोजेक्ट प्रमुख नीलेश नागवड़े समेत अन्य अधिकारियों से परियोजना के आगामी विस्तार और उपभोक्ताओं को निर्बाध व बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की।
नरोत्तम की रिपोर्ट