LPG के दामों में लगी आग, जनता झेल रही महंगाई, सरकार बोली- ‘देश के पास 45 दिन का मजबूत रिजर्व

Patna LPG Price: पटना में आज 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹1002.50 तक पहुंच गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर ₹3346.50 में बिक रहा है।...

LPG Prices Soar Govt Says India Has 45 Day Reserve
LPG के दामों में लगी आग- फोटो : social Media

Patna LPG Price: दुनियाभर में जंग, तेल संकट और ऊर्जा बाज़ार में मची हलचल के बीच केंद्र सरकार ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि भारत में एलपीजी, कच्चे तेल और नेचुरल गैस की सप्लाई फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है। सरकार के मुताबिक देश के पास 60 दिनों का कच्चा तेल, 60 दिनों की नेचुरल गैस और 45 दिनों का एलपीजी यानी रसोई गैस का रोलिंग स्टॉक मौजूद है। सरकार का दावा है कि हालात चाहे कितने भी संगीन क्यों न हों, आम आदमी की रसोई पर फिलहाल कोई बड़ा संकट नहीं आने दिया जाएगा। लेकिन दूसरी तरफ गैस सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों ने लोगों की जेब पर भारी बोझ डाल दिया है।

पटना में आज 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹1002.50 तक पहुंच गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर ₹3346.50 में बिक रहा है। वहीं राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹913 में उपलब्ध है। छोटे परिवारों और अस्थायी इस्तेमाल के लिए 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर ₹339 में मिल रहा है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3071.50 दर्ज की गई है।

सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस साल कमर्शियल सिलेंडर के दामों में करीब ₹1500 तक की जबरदस्त बढ़ोतरी हो चुकी है। मई महीने में अकेले ₹993 की रिकॉर्ड बढ़ोतरी ने होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी। इससे पहले जनवरी में ₹111, फरवरी में ₹49, मार्च में ₹144 और अप्रैल में करीब ₹200 की बढ़ोतरी की गई थी।

इंडियन ऑयल के आंकड़ों के मुताबिक 1 दिसंबर 2025 को दिल्ली में यही कमर्शियल सिलेंडर सिर्फ ₹1580.50 का था। यानी कुछ ही महीनों में कीमत लगभग दोगुनी हो गई।

इधर सरकार ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए “समुद्र मंथन” योजना को तेजी से आगे बढ़ा रही है। अगले 3 से 6 महीनों में तेल, गैस और एलपीजी की भंडारण क्षमता बढ़ाने की तैयारी है। साथ ही 30 दिनों का स्ट्रैटेजिक LPG रिजर्व बनाने की संभावना भी तलाश की जा रही है, ताकि किसी वैश्विक संकट की सूरत में देश की रसोई की आग बुझने न पाए।