Bihar Headmaster Suspended: स्कूल में नृत्य कार्यक्रम के दौरान पिस्टल लहराने पर गिरी गाज, प्रधानाध्यापक निलंबित

Bihar Headmaster Suspended: स्कूल में नृत्य कार्यक्रम के दौर
प्रधानाध्यापक निलंबित- फोटो : social Media

Bihar Headmaster Suspended: मधुबनी के कलुआही प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय, हरिपुर गौड़ीदास टोल में नृत्य कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर पिस्टल लहराए जाने और अभद्रता के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के कड़े रुख के बाद विभाग ने मामले की जांच कराते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक भूषण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, विद्यालय परिसर में आयोजित नृत्य कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पिस्टल लहराने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। विद्यालय जैसे शैक्षणिक और अनुशासित परिसर में हथियार के प्रदर्शन की खबर ने प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। विभाग का मानना है कि विद्यालय परिसर में बिना समुचित अनुमति के इस तरह का कार्यक्रम आयोजित होना गंभीर लापरवाही है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित कराने वाली पूजा समिति और अन्य दोषी व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दिया है। निर्देश के मुताबिक तीन दिनों के भीतर प्राथमिकी दर्ज कर इसकी जानकारी विभाग को उपलब्ध करानी होगी।

शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि विद्यालय परिसर में अनुशासनहीनता, नियमों की अनदेखी और किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग के सख्त रुख से साफ है कि शिक्षण संस्थानों की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी।