Bihar election 2025: मैथिली ठाकुर को मिल सकता है अलीनगर से टिकट! BJP विधायक मिश्री लाल यादव ने दिया इस्तीफा

Bihar election 2025: बिहार चुनावी माहौल में लोकसंगीत की गूंज सुनाई दे रही है। अलीनगर से BJP विधायक मिश्री लाल यादव ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार इस सीट से लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर को टिकट मिल सकता है।

Bihar election 2025
मिश्री लाल यादव का पत्ता साफ!- फोटो : social media

Bihar election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस बार की रंगत कुछ अलग है। चुनावी नारों और रैलियों के बीच अब लोकसंगीत की मधुर धुनें भी गूंजने लगी हैं। राज्य के कई प्रसिद्ध लोकगायक राजनीति में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। चुनावी मैदान में अब सिर्फ पुराने चेहरे ही नहीं, बल्कि लोकप्रिय कलाकार भी अपनी किस्मत आज़माने को तैयार हैं।

इसी बीच, दरभंगा के अलीनगर सीट से BJP विधायक मिश्री लाल यादव ने पार्टी से इस्तीफा देकर हलचल मचा दी है। उनके इस्तीफे ने इस सीट को सुर्खियों में ला दिया है क्योंकि खबर है कि इस बार लोकगायिका मैथिली ठाकुर को यहां से टिकट मिलने की संभावना है।

बीजेपी विधायक मिश्री लाल यादव ने दिया इस्तीफा

मिश्री लाल यादव ने शनिवार (11 अक्तूबर 2025) को  भाजपा से अपना इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों और पिछड़े वर्गों को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा।उन्होंने कहा कि वो अपना इस्तीफा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को सौंपेंगे।हालांकि, भाजपा ने अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि मिश्री लाल यादव की नाराज़गी की असली वजह यह है कि इस बार उन्हें टिकट नहीं मिलने की संभावना है।सूत्रों के अनुसार, पार्टी अलीनगर से मैथिली ठाकुर को टिकट देने पर गंभीरता से विचार कर रही है, जिससे मिश्री लाल यादव नाराज हैं।

वीआईपी से बीजेपी तक का सफर और अब इस्तीफा

मिश्री लाल यादव का राजनीतिक सफर दिलचस्प रहा है। उन्होंने 2020 में अलीनगर सीट से विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।उस समय यह सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के हिस्से में थी और मिश्री लाल यादव ने कहा था कि मैंने पहली बार इस सीट को NDA के लिए जीता, जबकि पहले बाहुबल और धनबल वाले उम्मीदवार भी इसे नहीं जीत पाए थेVIP पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी बाद में भाजपा से अलग हो गए और तब मिश्री लाल यादव समेत चारों विधायक BJP में शामिल हो गए, लेकिन अब फिर से उनकी राहें जुदा होती दिख रही हैं।

विपक्षी गठबंधन से संपर्क में हैं मिश्री लाल यादव

भले ही मिश्री लाल यादव ने यह नहीं बताया कि आगे वे किस पार्टी में जाएंगे, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे इंडिया गठबंधन के संपर्क में हैं, जिसका नेतृत्व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कर रहा है। VIP पार्टी, जिसके टिकट पर वे पहले चुनाव जीते थे, अब उसी गठबंधन में शामिल है।

मैथिली ठाकुर के राजनीति में उतरने के संकेत

लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर, जो अपने मधुर स्वर और लोकसंगीत की परंपरा के लिए जानी जाती हैं, पिछले कुछ महीनों से राजनीति में आने की तैयारी कर रही हैं।हाल ही में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी।मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि यह मेरे जीवन की एक नई यात्रा होगी और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।”

लोकगायकों की एंट्री से बदलेगा चुनावी रंग

बिहार की राजनीति में इस बार लोकगायकों और कलाकारों की एंट्री ने माहौल को नया मोड़ दे दिया है।लोकप्रिय चेहरों के आने से चुनाव प्रचार में नए तरीके, नए गाने और सोशल मीडिया अभियानों की गूंज सुनाई देने लगी है।विशेषज्ञ मानते हैं कि मैथिली ठाकुर जैसी लोकप्रिय हस्ती यदि चुनावी मैदान में उतरती हैं, तो भाजपा को न केवल मैथिल क्षेत्र में बढ़त मिल सकती है, बल्कि महिला वोटरों पर भी इसका असर होगा।