DIU और कदमकुआँ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 6 साल से फरार 25 हजार का इनामी लुटेरा अमित को किया गिरफ्तार
पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 6 साल से फरार 25 हजार का इनामी अमित को गिरफ्तार कर लिया है......
Patna : राजधानी पटना में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। पटना पुलिस की जिला आसूचना इकाई (DIU) और कदमकुआं थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी भगोड़े आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।
फुलवारीशरीफ का मूल निवासी, रामकृष्णा नगर के अपार्टमेंट में छिपा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमित कुमार मूल रूप से पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत बबनपुरा का रहने वाला है। हालांकि, पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह इन दिनों रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के विभूतीपुर स्थित एक अपार्टमेंट में छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अपार्टमेंट में अचानक घेराबंदी कर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
3.50 लाख कैश और चेकबुक लूट में था वांछित
कदमकुआं थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी अमित कुमार वर्ष 2020 में दर्ज कदमकुआं थाना कांड संख्या 15/20 में पिछले छह वर्षों से फरार चल रहा था। यह मामला अशोक कुमार नाम के व्यक्ति के आवेदन पर दर्ज हुआ था, जो खजांची रोड स्थित एक कंपनी के काम से 3.50 लाख रुपये नकद और चेकबुक लेकर ओम बिरला कॉम्प्लेक्स के पास से गुजर रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूट लिया था।
वारदात के लिए अमित ने मुहैया कराई थी बाइक, पूर्व में जा चुका है जेल
पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ था कि इस लूट कांड में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल अमित कुमार ने ही उपलब्ध कराई थी। मामले में नाम सामने आने के बाद से ही वह लगातार फरार था, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह कोतवाली थाना कांड संख्या 21/20 में भी पहले गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
पूछताछ के बाद भेजा गया जेल, फरारी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजय कुमार ने बताया कि आरोपी को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने इसे पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता बताया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन-किन लोगों से पनाह मिल रही थी और क्या इस दौरान वह अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल था।
अनिल की रिपोर्ट