बिहार एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : 28 मामलों में वांछित पटना का कुख्यात नीरज और उसके साथी बाबर को दबोचा

राजधानी पटना में लगातार लूट और चेन स्नैचिंग जैसी ताबड़तोड़ आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला रखे कुख्यात नीरज को उसके साथी को एसटीएफ और पटना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर धर दबोचा है......

बिहार एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : 28 मामलों में वांछित पटना का
कुख्यात नीरज और उसका साथी गिरफ्तार- फोटो : कुलदीप भारद्वाज

Patna : राजधानी पटना में क्राइम पर शिकंजा कसते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कुख्यात अपराधी नीरज कुमार को उसके सहयोगी बाबर के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया नीरज शहर में लगातार लूट और चेन स्नैचिंग जैसी ताबड़तोड़ आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगा रही है।


नीरज कुमार पर दर्ज हैं 28 आपराधिक मामलेकई थानों की पुलिस को थी तलाश 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार कुख्यात अपराधी नीरज कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत 28 कांड दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पटना के रूपसपुर, कंकड़बाग, कदमकुआं और कोतवाली थाने की पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। एसटीएफ और पुलिस की इस संयुक्त सफलता से शहर में स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।


सहयोगी बाबर के पास से 130 पुड़िया स्मैक बरामद 

वहीं नीरज के साथ पकड़े गए उसके साथी बाबर का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पूर्व से 2 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद हुई कड़ाई से पूछताछ के दौरान बाबर की निशानदेही पर पुलिस ने कदमकुआं थाना क्षेत्र से लगभग 130 पुड़िया स्मैक बरामद किया है। इससे स्पष्ट होता है कि यह गिरोह छिनतई के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी में भी लिप्त था।


मादक पदार्थों की तस्करी और नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस 

बरामद स्मैक की खेप के आधार पर पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गिरोह कहां से स्मैक की सप्लाई लाता था और किन-किन इलाकों में इसकी बिक्री करता था। कदमकुआं पुलिस स्मैक नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों और बिचौलियों की पहचान करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


अपराधियों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा एसटीएफ का अभियान 

पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि शहर में आपराधिक घटनाओं और नशीले पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए एसटीएफ और स्थानीय थानों का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार दोनों अपराधियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।


कुलदीप की रिपोर्ट