पटना में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई : 20 ग्राम स्मैक और 1.22 लाख नकद के साथ आरोपी गिरफ्तार
पटना पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक तस्कर को 20 ग्राम स्मैक और तकरीबन 1.25 लाख नगद रुपये के साथ गिरफ्तार किया है...
Patna : राजधानी पटना अंतर्गत शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहपुर थाना क्षेत्र के तुरहा टोली गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का काला कारोबार कर रहा है।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 दानापुर के दिशा-निर्देशन में शाहपुर थानाध्यक्ष द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया और चिन्हित ठिकाने की ओर रुख किया।
कमरे की तलाशी में मिला स्मैक का जखीरा और सवा लाख से अधिक कैश
छापेमारी दल ने संदिग्ध व्यक्ति के घर की विधिवत घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। घर के एक कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को 20.21 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और 1,22,450 की नकद राशि बरामद हुई। मौके से पुलिस ने तस्कर गोलू कुमार उर्फ अमित कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान और NDPS एक्ट में मामला दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 26 वर्षीय गोलू कुमार उर्फ अमित कुमार, पिता भोला नाथ, निवासी तुरहा टोली, थाना-शाहपुर, जिला-पटना के रूप में हुई है। इस संबंध में शाहपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 08(c)/21(b) के तहत कांड संख्या 307/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में शाहपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पप्पू कुमार, SI प्रमोद कुमार सिंह, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) अभय मंडल तथा शाहपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।
अनिल की रिपोर्ट