पटना में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने सीमेंट लदे ट्रक से जब्त की 48 लाख की विदेशी शराब, हरियाणा का चालक गिरफ्तार

राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी सेतु मुख्य सड़क पर पुलिस ने मद्य निषेध विभाग को मिली एक गुप्त सूचना के आधार एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक ट्रक से तकरीबन 48 लाख रुपये का विदेशी शराब बरामद किया है....

पटना में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने सीमें
पटना में ट्रक से बरामद हुआ 48 लाख का विदेशी शराब- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से प्रभावी रखने के उद्देश्य से मद्य निषेध विभाग और स्थानीय पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी क्रम में राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी सेतु मुख्य सड़क पर स्थित 'चक्की मोड़' के पास पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह पूरी कार्रवाई मद्य निषेध विभाग को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद चक्की मोड़ के पास सघन नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।


सीमेंट की बोरियों के पीछे छिपाई गई थी 10,380 बोतल शराब

जांच के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली, तो तस्करों की चालाकी धरी की धरी रह गई। ट्रक के भीतर ऊपर से सीमेंट की बोरियां लादी गई थीं, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन जब सीमेंट की बोरियों को हटाया गया, तो उनके नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप छिपाई हुई मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक से कुल 440 कार्टून विदेशी शराब बरामद की, जिसमें कुल 10,380 बोतलें थीं। मापे जाने पर जब्त शराब की कुल मात्रा 3924 लीटर (तीन हजार नौ सौ चौवीस लीटर) आंकी गई है।


बाजार में करीब 48 लाख रुपये है जब्त शराब की कीमत

सीमेंट की आड़ में की जा रही इस बड़ी तस्करी के मामले में पुलिस ने ट्रक के चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए चालक की पहचान विंटु कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा राज्य के रोहतक जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई विदेशी शराब की अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 48 लाख रुपये (अड़तालीस लाख रुपये) है। पुलिस आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह बड़ी खेप हरियाणा से बिहार के किस सिंडिकेट को सप्लाई की जानी थी।


निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में बनी टीम को मिली सफलता

शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरने वाली यह सफल कार्रवाई मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक अजीत कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई। सूचना प्राप्त होते ही टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित छापेमारी की योजना बनाई और चक्की मोड़ पर जाल बिछाकर तस्करों को दबोच लिया। इस बड़ी सफलता के बाद अगमकुआं थाना क्षेत्र और गांधी सेतु मार्ग पर सुरक्षा जांच और कड़ी कर दी गई है।


छापेमारी दल में ये अधिकारी और जवान रहे शामिल

इस सफल और साहसिक छापेमारी दल में मुख्य रूप से मद्य निषेध निरीक्षक अजीत कुमार, अवर निरीक्षक सोनम कुमारी और सहायक उपनिरीक्षक (ASI) डब्लू कुमार शामिल रहे। इसके अलावा अपराधियों और तस्कर की घेराबंदी करने में सिपाही अभिजित, सूरज, प्रदीप, संदीप और खुशबू कुमारी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन ने तस्करों के खिलाफ इस प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पूरी टीम की सराहना की है।


अनिल की रिपोर्ट