बाहुबली गुड्डू यादव के 24 ठिकानों पर EOU का बड़ा एक्शन: जमुई, शेखपुरा और पटना में ताबड़तोड़ छापेमारी, मचा हड़कंप

संगठित अपराध, बालू माफिया, रंगदारी और बेनामी संपत्ति के माध्यम से अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी शंभु यादव उर्फ गुड्डू यादव पर आर्थिक अपराध इकाई द्वारा शिकंजा कसा गया है। EOU की टीम ने गुड्डू यादव और उसके सहयोगियों के ठिकाने पर छापेमारी की..

बाहुबली गुड्डू यादव के 24 ठिकानों पर EOU का बड़ा एक्शन: जमुई
बाहुबली गुड्डू यादव के ठिकानों पर EOU की छापेमारी- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई द्वारा संगठित अपराध, बालू माफिया, रंगदारी और बेनामी संपत्ति के माध्यम से अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी शंभु यादव उर्फ गुड्डू यादव (पति- दुलारी देवी, अध्यक्ष, जिला परिषद जमुई) और उनके सहयोगियों पर शिकंजा कसा गया है। EOU ने आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या- 14/26 (दिनांक 27.07.2026) दर्ज करने के बाद न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की है।


एक साथ 24 ठिकानों पर रेड, 50 से अधिक वाहनों के साथ पहुंचीं टीमें

28 जुलाई 2026 (मंगलवार) की सुबह से EOU, एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने जमुई, शेखपुरा और पटना जिलों में एक साथ 24 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। लगभग 50 वाहनों के काफिले के साथ पहुंची विशेष टीमों ने जमुई जिला परिषद अध्यक्ष के आवास, सिकंदरा, शेखपुरा और पैतृक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।


सहयोगियों और रिश्तेदारों के ठिकाने भी EOU के रडार पर

जांच एजेंसी के रडार पर गुड्डू यादव के कई करीबी सहयोगी और रिश्तेदार भी शामिल हैं। सिकंदरा और आसपास के क्षेत्रों में ललन यादव, प्रवीण मिश्रा, मिंचु मियां, उप प्रमुख नैयर खान, सोनू यादव, प्रमोद यादव, अनीश यादव और छोटू यादव सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के रिहायशी व व्यावसायिक ठिकानों पर सघन तलाशी ली जा रही है।


अचल संपत्ति के कागजातबैंक खाते और वित्तीय लेन-देन खंगाल रही टीम

छापेमारी के दौरान EOU की टीमों द्वारा बेनामी संपत्तियों के केवाले, बैंक पासबुक, निवेश से जुड़े कागजात, नकद-गहनों का ब्योरा और डिजिटल डिवाइस जब्त कर उनकी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी का मुख्य फोकस संगठित अपराध से हासिल काली कमाई और बेनामी निवेश के पुख्ता सबूत जुटाना है।


इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजामपुलिस अधिकारी कर रहे कैंप

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिकंदरा और आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों, पेट्रोल पंपों तथा संबंधित आवासों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जमुई के एसडीपीओ सतीश सुमन सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। EOU की जांच पूरी होने के बाद बरामदगी की अंतिम और आधिकारिक रिपोर्ट जारी की जाएगी।


अनिल की रिपोर्ट