पटना : मनेर के शिवम होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, नाबालिग लड़की का रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार

मनेर प्रखंड कार्यालय के समीप टाटा कॉलोनी स्थित 'शिवम होटल' में चल रहे जिस्मफरोशी के खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कमरे से एक युवक और नाबालिग लड़की आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने होटल संचालक और महिला दलाल समेत 4 को गिरफ्तार किया है

sex racket busted four arrested Patna
शिवम होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़,नाबालिग लड़की का रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना से सटे मनेर में पुलिस ने सोमवार की शाम जिस्मफरोशी के काले धंधे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर मनेर थाना पुलिस ने स्थानीय प्रखंड कार्यालय के समीप टाटा कॉलोनी स्थित 'शिवम होटल' में छापेमारी की। लंबे समय से इस होटल में देहव्यापार की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।


आपत्तिजनक हालत में धराए आरोपी, नाबालिग का रेस्क्यू

पुलिस टीम जब अचानक होटल के कमरों की तलाशी लेने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। कमरे के भीतर एक युवक एक नाबालिग युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।


होटल संचालक और महिला दलाल समेत 4 गिरफ्तार

इस छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने मौके से कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में होटल संचालक, धंधे को संचालित करने वाली एक महिला दलाल, एक ग्राहक (युवक) और सेक्स वर्कर शामिल हैं। पुलिस इन सभी को थाने ले आई है, जहां इनसे गिरोह के नेटवर्क और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों के बारे में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।


एसडीपीओ का बयान: दर्ज हो रही प्राथमिकी

मामले की पुष्टि करते हुए दानापुर-2 के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि सटीक सूचना के आधार पर शिवम होटल में रेड की गई थी। मौके से महिला सेक्स वर्कर, युवक और संचालक की गिरफ्तारी हुई है, जबकि एक नाबालिग का रेस्क्यू किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और पॉक्सो एक्ट (नाबालिग के मामले में) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।