पटना के बेउर में बंद मकान से 20 लाख की भीषण चोरी, पूरी धाम यात्रा पर गया था परिवार

पटना के बेउर में बंद मकान से 20 लाख की भीषण चोरी, पूरी धाम य
पटना के बेउर में बंद मकान से 20 लाख की भीषण चोरी- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna : राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव नगर कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक दिनेश कुमार (59 वर्ष) गत 21 अगस्त 2026 को अपने परिवार के साथ श्री जगन्नाथ पूरी धाम की यात्रा पर गए थे। 26 अगस्त की शाम जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला, जिसके बाद चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा हुआ।


कमरों में बिखरा मिला सामान, 1 लाख नकद पार 

घर के अंदर प्रवेश करने पर परिजनों ने देखा कि दो कमरों का सारा सामान फर्श पर अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद चुरा लिए। इसके साथ ही अलमारी में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषणों के खाली डिब्बे फर्श पर फेंके हुए मिले, जिससे पीड़ित परिवार के होश उड़ गए।


20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी 

पीड़ित दिनेश कुमार के अनुसार, चोरों ने सोने की चार शिकड़ी, दो मंगलसूत्र, दस कान के झुमके व बाली, दो अंगूठी, दो पायल, सोने की दो चूड़ियां और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी गए कुल सामान और नकदी का अनुमानित मूल्य लगभग 20 लाख रुपये बताया गया है।


बेउर थाने में कांड संख्या 504/26 दर्ज 

घटना के बाद पीड़ित मकान मालिक ने बेउर थाना पुलिस में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कांड संख्या 504/26 (धारा 331(4)/305 बीएनएस) के तहत केस पंजीकृत कर लिया है। मामले की त्वरित जांच का जिम्मा एएसआई (ASI) अभय कुमार पांडे को सौंपा गया है।


पुलिस छानबीन और चोरों की तलाश में जुटी 

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके। बंद मकान में हुई इस भीषण चोरी की घटना से शिव नगर कॉलोनी के स्थानीय निवासियों के बीच सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त हो गई है।