Bihar News : तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर भड़के मंत्री संतोष सुमन, कहा- 'चीप लोग ही मुख्यमंत्री के लिए कर सकते हैं चीप मिनिस्टर शब्द का इस्तेमाल'
Bihar News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर की गई एक टिप्पणी पर सत्तापक्ष पूरी तरह हमलावर है। मंत्री संतोष सुमन ने कहा की..........पढ़िए आगे
PATNA : हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए की गई अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुने हुए मुख्यमंत्री के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग केवल राजनीतिक हताशा और मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। चीप लोग ही एक मुख्यमंत्री के लिए चीप मिनिस्टर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का अधिकार दिया है, लेकिन व्यक्तिगत कटाक्ष, अमर्यादित भाषा और राजनीतिक स्तरहीनता का अधिकार नहीं दिया है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि नेता प्रतिपक्ष अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बजाय केवल सुर्खियां बटोरने वाली बयानबाजी में लगे हुए हैं। डॉ. सुमन ने कहा कि यदि राजनीतिक संवाद का स्तर इसी प्रकार गिराया जाएगा, तो फिर प्रतिवाद भी उसी भाषा में होने लगेंगे। ऐसे में तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं को जनता के बीच जवाब देना कठिन हो जाएगा। राजनीति तथ्यों, नीतियों और जनहित के मुद्दों पर होनी चाहिए, न कि अपशब्दों और व्यक्तिगत टिप्पणियों पर।
उन्होंने कहा कि राजद और तेजस्वी यादव की राजनीति आज गुप्त धन, गुप्त यात्राओं और शून्य नीतियों के इर्द-गिर्द सिमट गई है। जिन लोगों के पास बिहार के विकास का कोई विजन नहीं है, वे केवल आरोप, भ्रम और बयानबाजी के सहारे राजनीति को जिंदा रखने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है। एक ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार विकास, सुशासन और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष अपनी जिम्मेदारियों से विमुख होकर राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करने में लगे हैं।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से आग्रह किया कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करें, अपनी भाषा में संयम लाएं और बिहार के हित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक राजनीति करे।