Bihar Politics : सोनिया गांधी की आत्मकथा पर मंत्री संतोष सुमन ने उठाए सवाल, मेनका और वरुण गांधी के अधिकारों का मांगा हिसाब
Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा की सोनिया गांधी की आत्मकथा में उल्लिखित कई प्रसंगों की ऐतिहासिक और तथ्यात्मक प्रमाणों के आधार पर गहन पड़ताल की जानी आवश्यक है।
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा की सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में कई ऐसी बातें लिखी हैं, जिनकी ऐतिहासिक और तथ्यात्मक प्रमाणों के आधार पर पड़ताल जरूरी है। ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ घटनाओं को अलग तरीके से प्रस्तुत कर कांग्रेस और गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास के असहज अध्यायों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है। लेकिन इतिहास को शब्दों की बाजीगरी से बदला नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा की देश एक सवाल पूछना चाहता है .. अगर सोनिया गांधी इस परिवार की बहू थीं, तो मेनका गांधी जी क्या थीं? क्या मेनका गांधी को वह सम्मान मिला जिसकी वह हकदार थीं? संजय गांधी के निधन के बाद मेनका गांधी और मासूम वरुण गांधी को किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा? मेनका गांधी के आंसुओं का जवाब कौन देगा? वरुण गांधी के बचपन और उनके अधिकारों का हिसाब कौन देगा? राहुल गांधी के लिए जो पारिवारिक स्नेह और स्वीकार्यता है, क्या वरुण गांधी उसके हकदार नहीं थे?
संतोष कुमार सुमन ने कहा की फिर देश यह भी जानना चाहता है कि भोपाल गैस त्रासदी के वॉरेन एंडरसन और बोफोर्स प्रकरण के ओत्तावियो क्वात्रोच्ची का हिसाब कौन देगा?
उन्होंने कहा की आत्मकथा लिखना अधिकार है, लेकिन इतिहास के सवालों से बचना अधिकार नहीं हो सकता। गांधी परिवार की कहानी केवल उसकी अपनी स्मृतियों से पूरी नहीं होगी। जनता अपना सच भी जानना चाहती है।