Bihar News : 25 नवंबर तक चमक जायेंगे बिहार के सरकारी स्कूल, एसीएस सीके अनिल ने रंग-रोगन और मरम्मत का काम पूरा करने के दिए निर्देश
Bihar News : शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सीके अनिल ने राज्य के विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प अभियान को 25 नवम्बर तक पूरा करने का लक्ष्य दिया है।
PATNA : शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने राज्य के विद्यालयों में चल रहे 'कायाकल्प अभियान' को हर हाल में 25 नवंबर तक पूरा करने का कड़ा लक्ष्य दिया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में रंग-रोगन और मरम्मत का कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और काम की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी जिले को इस कार्य को पूरा करने में किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है, तो वे तुरंत इसकी जानकारी दें, और विभाग द्वारा हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी दोटूक कहा कि हर हाल में निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन करना होगा।
एसीएस ने बैठक के दौरान जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शीघ्र ही विभिन्न जिलों का दौरा करने वाले हैं। मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे से पहले विद्यालयों में कायाकल्प से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह से संपन्न हो जाने चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आगामी 31 मार्च तक की कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया है।
अपर मुख्य सचिव ने अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे तय किए गए लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के लिए पूरी सक्रियता, तन्मयता और जिम्मेदारी के साथ अपने काम में जुट जाएं, ताकि राज्य के सरकारी विद्यालयों की सूरत और बुनियादी ढांचे को और अधिक बेहतर बनाया जा सके।