Bihar News : प्रियांक खड़गे के बयान पर मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने किया तीखा पलटवार, कहा — 'वोट बैंक की राजनीति' कर रही कांग्रेस, संघ पर टिप्पणी से पहले इतिहास देखे
Bihar News : हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है।
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई टिप्पणी को राजनीतिक हताशा और वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित बताया है।
डॉ. सुमन ने कहा कि प्रियांक खड़गे को संघ पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस के उस इतिहास को देखना चाहिए, जिसमें दशकों तक दलित, महादलित, पिछड़े और वनवासी समाज को केवल वोट बैंक बनाकर रखा गया। जिन लोगों की राजनीति समाज को बांटने और भ्रम फैलाने पर आधारित रही हो, उन्हें राष्ट्रसेवा में लगे संगठन पर टिप्पणी करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लगभग सौ वर्षों से देश के सरकारी खजाने से एक पैसा लिए बिना राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों में जुटा हुआ है। वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रावास और स्वावलंबन के लिए किए गए कार्य संघ की सेवा भावना का प्रमाण हैं। लाखों स्वयंसेवक बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र और समाज की सेवा कर रहे हैं।
डॉ. सुमन ने कहा कि जब-जब कांग्रेस की राजनीतिक जमीन कमजोर होती है, तब-तब उसके नेता संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा पर अनर्गल बयानबाजी शुरू कर देते हैं। लेकिन अब दलित, महादलित और वनवासी समाज कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति को समझ चुका है। समाज अब दिखावटी सहानुभूति नहीं, बल्कि सम्मान, भागीदारी और विकास चाहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय यह जवाब देना चाहिए कि अपने लंबे शासनकाल में उसने दलित, महादलित और वनवासी समाज के जीवन में क्या बुनियादी परिवर्तन किए।