पीके के बयान से कोई फर्क नहीं पड़ता, बांकीपुर में बीजेपी की जीत पर मंत्री शीला मंडल का बड़ा दावा

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा भाजपा उम्मीदवार पर की गई टिप्पणी पर शीला मंडल ने कहा कि पूरे देश और बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने जीत को लेकर बड़ा दावा किया

Minister Sheela Mandal
Minister Sheela Mandal - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल ने मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर विपक्ष और आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि जनता का भरोसा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर कायम है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भी एनडीए पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगा।


प्रशांत किशोर के बयान पर पलटवार

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा भाजपा उम्मीदवार पर की गई टिप्पणी पर शीला मंडल ने कहा कि पूरे देश और बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए को भारी बहुमत मिला है और पश्चिम बंगाल में भी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, "लोग क्या बोलते हैं, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आने वाले दिनों में एनडीए और मजबूत होगा।"


वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर क्या बोलीं?

बांकीपुर से प्रत्याशी वीणा मानवी की गिरफ्तारी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। न्यायालय अपना काम कर रही है और इसमें किसी तरह के हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में महिलाओं को दबाया नहीं, बल्कि आगे बढ़ाया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण की नींव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी, जिसका परिणाम आज पूरे राज्य में दिखाई दे रहा है।


जदयू के नए संगठन पर उठे सवाल

जदयू की नई प्रदेश कार्यकारिणी में कई पुराने नेताओं को जगह नहीं मिलने के सवाल पर शीला मंडल ने कहा कि संगठन से जुड़े फैसले पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का अधिकार है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने पूरी सोच-विचार के बाद नई टीम का गठन किया है।


रामप्रीत मंडल के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया

जदयू सांसद रामप्रीत मंडल के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात नहीं होने संबंधी वायरल वीडियो पर मंत्री ने कहा कि कौन क्या कहता है, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि आज भी मुख्यमंत्री आम लोगों और कार्यकर्ताओं से सहजता से मिलते हैं और यह संबंधित व्यक्ति का अपना अनुभव या निर्णय हो सकता है।


 नीतीश सरकार के काम गिनाए

शीला मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अति पिछड़ा समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया है। पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण मिलने से अति पिछड़ा वर्ग की महिलाएं आज मुखिया और सरपंच बन रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने में भी सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।


लालू यादव को राहत पर संयमित प्रतिक्रिया

चारा घोटाला मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत पर मंत्री ने कहा कि यह न्यायालय का विषय है। अदालत अपना काम कर रही है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।


कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा

बिहार की कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए शीला मंडल ने कहा कि लोगों को वह दौर याद करना चाहिए जब शाम होते ही लोग घरों से निकलने से डरते थे। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार में कानून का राज है और महिलाएं देर रात तक भी सुरक्षित होकर बाहर निकल रही हैं। उनके अनुसार, वर्तमान और पुराने बिहार की स्थिति में बड़ा अंतर है और यह बदलाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संभव हुआ है।