होटल में हुए मामूली विवाद में बदमाशों ने युवक को मारी गोली, बीच-बचाव करने आए साथी को जमकर पीटा

पटना के एक होटल में खाना खाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बदमाशों ने होटल में खाना खा रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इतना ही युवक को बचाने आए उसके दोस्त को भी बेरहमी से पीटा। दोनो का एम्स में इलाज चल रहा है.....

होटल में हुए मामूली विवाद में बदमाशों ने युवक को मारी गोली,

Patna : जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बीते रविवार की रात खाना खाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोतीपुर स्थित 'रॉक्स होटल' में कुछ बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक की पहचान हदसपुरा गांव निवासी सुरेन्द्र शर्मा के 37 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में की गई है।


साथी को लाठी-डंडों से पीटा, दोनों एम्स में भर्ती

वारदात के दौरान जब सुनील को बचाने उसका साथी अमित कुमार आगे आया, तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। बदमाशों ने अमित की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए एम्स (AIIMS) पटना में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।


'जानी दुश्मन' कहकर बदमाशों को उकसाया

सुनील के पिता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, सुनील और अमित होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी बीच नारायणपुर का रहने वाला राकेश रंजन उर्फ मुन्ना अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। मुन्ना ने होटल संचालक से कहा कि उसका 'जानी दुश्मन' अंदर बैठा है। इसके बाद मुन्ना के उकसाने पर उसके साथी अभिषेक उर्फ हैपी सिंह, अमन, गोलू और अन्य बदमाशों ने सुनील को चारों तरफ से घेर लिया।


जान बचाने के लिए भागा, पर बदमाशों ने पीछे से दागीं गोलियां

अचानक हुए इस हमले से घबराकर सुनील अपनी जान बचाने के लिए होटल से बाहर सड़क की तरफ भागा। लेकिन घात लगाए अपराधियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे दौड़ाकर उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। गोली सुनील के शरीर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।


होटल संचालक समेत नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। नौबतपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों और होटल संचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


सुमित की रिपोर्ट