नई बाइक के कागज बनवाकर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत
Supaul : जिले के छातापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. बजरंग चौक स्थित एसएच-91 पर सोमवार की दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान डहरिया पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी कैलू यादव के 25 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है.
एक दिन पहले ही खरीदी थी नई बाइक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार ने महज एक दिन पहले ही एक नई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक खरीदी थी. सोमवार को वह अपनी इसी नई बाइक की जरूरी कागजी प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए छातापुर स्थित हीरो शोरूम गया हुआ था. शोरूम से सारा काम निपटाकर जब वह खुशी-खुशी अपने घर वापस लौट रहा था, तभी बजरंग चौक के पास वह काल का ग्रास बन गया. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को रंगे हाथ दबोचा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक को रौंदने के बाद ट्रक चालक वाहन से उतरा और शव को देखने लगा. इसी बीच घटनास्थल पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को मौके पर ही पकड़ लिया. घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर चालक को हिरासत में ले लिया.
बालू लदे ट्रक के टायर के नीचे आया युवक
पुलिस की पूछताछ में हिरासत में लिए गए ट्रक चालक पप्पू राय ने बताया कि वह ट्रक (संख्या: BR-31 GC-5013) में बालू लादकर भीमपुर की ओर से छातापुर बाजार की तरफ जा रहा था. बजरंग चौक के समीप अचानक उसे बाइक गिरने की आवाज आई. जब उसने साइड मिरर (शीशे) में देखा, तो बाइक सवार युवक ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ चुका था.
ट्रक जब्त, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में शामिल बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को पुलिस कस्टडी में रखकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है.
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट