Anant Singh News: मोकामा में आज विधायक अनंत सिंह का रोड शो, विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद पहली बार शक्ति प्रदर्शन

Anant Singh News: जदयू विधायक अनंत सिंह की रिहाई के बाद आज मोकामा में बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा। चुनाव जीतने के बाद आज पहली बार अपने क्षेत्र में अनंत सिंह शक्ति प्रदर्शन करेंगे और करीब 50 किमी लंबा रोड शो करेंगे।

अनंत सिंह
अनंत सिंह का रोड शो आज - फोटो : social media

Anant Singh News: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह करीब 4 महीने के बाद जेल से रिहा हो गए हैं। रिहाई के बाद देर शाम अनंत सिंह पटना स्थित आवास पर पहुंचे। वहीं आज अनंत सिंह करीब 4 महीने के बाद और विधानसभा चुनाव में जबरदस्त जीत के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। मोकामा से चुनाव जीते अनंत सिंह आज अपने क्षेत्र में जाकर अपनी जनता से मिलेंगे। अनंत सिंह आज मोकामा में करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस दौरान वे मोकामा से सड़क मार्ग होते हुए बड़हिया स्थित महारानी स्थान पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। रास्ते में कई जगहों पर समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।

चुनाव जीतने के बाद पहली बार क्षेत्र में जाएंगे अनंत 

बता दें कि, अनंत सिंह सोमवार (23 मार्च) को बेऊर जेल से रिहा हुए। जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। वे लैंड क्रूजर में सवार होकर करीब 50 गाड़ियों के काफिले के साथ निकले और सीधे पटना स्थित विधायक आवास पहुंचे। जहां उन्होंने हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। रिहाई के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है और घटना के समय वे घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर थे। एक सवाल पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार उन्हें ही क्यों फंसाया जाता है, इसका जवाब संबंधित लोगों से पूछा जाए।

अनंत सिंह के घर पहुंचे 15 हजार समर्थक 

पटना में उनकी रिहाई की खुशी में माल रोड स्थित आवास पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यहां करीब 1 से 1.5 हजार कुर्सियों के साथ बड़ा पंडाल लगाया गया था। भीषण गर्मी को देखते हुए पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई थी। इस आयोजन में लगभग 15 हजार समर्थक शामिल हुए। मेहमानों के लिए 3 लाख से अधिक रसगुल्ले के साथ समोसा, पूड़ी, सब्जी और पुलाव जैसे व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा माहौल जश्नमय रहा।

4 महीने बाद मिली जमानत 

गौरतलब है कि अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। 30 अक्टूबर 2025 को चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस हत्या के बाद 1 नवंबर को उन्हें मोकामा स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद कोर्ट में पेशी के उपरांत 2 नवंबर को उन्हें बेऊर जेल भेजा गया। करीब चार महीने जेल में रहने के बाद 20 मार्च को पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली। हालांकि बॉन्ड पेपर नहीं भरे जाने के कारण 3 दिनों के बाद अनंत सिंह जेल से बाहर आएं।

कोर्ट में बचाव पक्ष की दलील 

अनंत सिंह के जमानत के लिए बचाव पक्ष ने कोर्ट में दलील दी थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान में गोली चलाने की पुष्टि नहीं होती है, साथ ही मौत का कारण लाठी से हमला और वाहन से कुचलना बताया गया है। इस मामले में अब तक कुल चार एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और जांच जारी है। कोर्ट ने अनंत सिंह को हर सुनवाई पर हाजिर होने का भी आदेश दिया है।