विजय सिन्हा ने जैसा पोस्टमार्टम राजस्व विभाग में किया, वैसा शिक्षा विभाग में भी जरुरी,! MLC नवल किशोर यादव का ऐलान- वित्त रहित शिक्षकों का संकट होगा खत्म
बिहार में शिक्षा विभाग और शिक्षकों की समस्याओं को लेकर भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए जल्द ही बड़े बदलाव और समाधान के संकेत दिए हैं।
Patna - भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव ने शिक्षा विभाग की मौजूदा स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने विभाग की तुलना 'मकड़ी के जाल' से करते हुए कहा कि इसे पूरी तरह साफ करने की सख्त जरूरत है। यादव ने सुझाव दिया कि जिस तरह विजय कुमार सिन्हा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भ्रष्टाचार और विसंगतियों को साफ कर रहे हैं और वहां हड़कंप मचा हुआ है, ठीक वैसी ही सफाई शिक्षा विभाग में भी होनी चाहिए।
वित्त रहित शिक्षकों के संकट का होगा स्थायी निदान
शिक्षकों के लिए नए साल में खुशखबरी देते हुए नवल किशोर यादव ने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों का वर्षों पुराना संकट अब खत्म होने वाला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जल्द ही इस समस्या का निदान करेगी। उनके अनुसार, नए साल में शिक्षकों की सभी परेशानियां दूर कर दी जाएंगी और सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी: 'इलाज करना जानते हैं शिक्षक'
अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एमएलसी ने कहा कि विभाग के बारे में सही जानकारी प्राप्त करने के लिए समय-समय पर अफसरों से जवाब-तलब करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि बिहार के शिक्षक डरने वाले नहीं हैं और वे जानते हैं कि मनमानी करने वाले अधिकारियों का 'इलाज' किस तरह किया जाता है।
राजस्व विभाग जैसा 'एक्शन' शिक्षा विभाग में भी जरूरी
नवल किशोर यादव ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के उदाहरण के जरिए यह संदेश दिया कि जवाबदेही तय होने से ही सुधार संभव है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को विभाग के प्रति पारदर्शी होना होगा, वरना जिस तरह राजस्व विभाग में हड़कंप मचा है, शिक्षा विभाग में भी उसी तरह की सख्त कार्रवाई देखने को मिलेगी।
Report - Bandana sharma