Bihar Politics: विधान परिषद चुनाव में सियासी सरगर्मी चरम पर, नामांकन के आखिरी दिन सत्ता-विपक्ष ने झोंकी पूरी ताकत
इस मौके पर रामविलास के प्रत्याशी अशरफ अंसारी ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का ऐतिहासिक पल है।जदयू प्रत्याशी भारतीय मेहता ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया....
Bihar Politics: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों, जिनमें एक उपचुनाव भी शामिल है, के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पर राजधानी पटना का सियासी पारा चरम पर पहुंच गया। बिहार विधानसभा परिसर सोमवार को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं, समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं की भारी आवाजाही देखने को मिली। सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करते नजर आए।
नामांकन के दौरान राजनीतिक दलों ने अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन भी किया। उम्मीदवारों के साथ वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। विधान परिषद चुनाव को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में रणनीतिक बैठकों और राजनीतिक जोड़-तोड़ का दौर भी तेज हो गया है।
इस मौके पर रामविलास के प्रत्याशी अशरफ अंसारी ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का ऐतिहासिक पल है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करेंगे।
वहीं जदयू प्रत्याशी भारतीय मेहता ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें यह अवसर देकर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक और मजबूत संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह