Anant Singh News: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को मिली बड़ी राहत, इस मामले में हुए बरी, जानिए कब बेऊर जेल से आएंगे बाहर?
Anant Singh News: मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने अनंत सिंह को इस मामले में बरी कर दिया गया है।

Anant Singh News: मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को पटना की अदालत से बड़ी राहत मिली है। वर्ष 2023 में भदौर थाना क्षेत्र में हुए हत्या के प्रयास (IPC की धारा 307) के मामले में उन्हें निर्दोष करार देते हुए रिहा करने का आदेश दिया गया है। हालांकि वे अभी बेऊर जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे क्योंकि सोनू-मोनू फायरिंग केस में उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है।
क्या था मामला?
वर्ष 2023 में रघुनाथ प्रसाद सिंह को गोली मारे जाने की घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी। इस केस में अनंत सिंह का नाम साजिशकर्ता के रूप में FIR में दर्ज किया गया था। आरोप था कि उन्होंने जेल में रहते हुए हमले की साजिश रची। लेकिन, पुलिस जांच में यह सामने आया कि घटना के समय अनंत सिंह पहले से ही जेल में बंद थे और उनकी संलिप्तता का कोई ठोस सबूत नहीं मिला।
अदालत ने क्या कहा?
अदालत ने कहा कि केवल नामजद कर देने से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता। साजिश साबित करने के लिए ठोस साक्ष्य जरूरी है। इस आधार पर अदालत ने अनंत सिंह को इस मामले में दोषमुक्त करते हुए रिहा करने का आदेश दिया।
अब भी जेल में क्यों रहेंगे अनंत सिंह?
अनंत सिंह को अभी सोनू-मोनू फायरिंग केस में राहत नहीं मिली है। इस मामले में वे अब भी आरोपित हैं और जमानत पर सुनवाई लंबित है। जब तक इस केस में उन्हें राहत नहीं मिलती तब तक वे जेल में ही रहेंगे। अनंत सिंह को अक्सर बिहार की राजनीति में एक प्रभावशाली, लेकिन विवादास्पद चेहरा माना जाता है। उन्हें मोकामा का ‘किंग’ और ‘बाहुबली नेता’ भी कहा जाता रहा है। हत्या की साजिश के केस से मिली क्लीन चिट को उनके लिए एक बड़ी कानूनी और राजनीतिक जीत माना जा रहा है।